सार्वजनिक हनुमान मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाया, पोल गड़े—अब तार फेंसिंग पूरी होने का इंतजार
राजस्व और नगर परिषद की संयुक्त कार्रवाई के बाद परिसर को सुरक्षित करने की कवायद; मोहल्लावासियों ने कलेक्टर से फेंसिंग कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की
दैनिक रेवांचल टाइम्स | बिछिया। मंडला जिले के नगर परिषद बिछिया के वार्ड क्रमांक-06 भड़ंगा स्थित सार्वजनिक हनुमान मंदिर परिसर में अतिक्रमण की शिकायत पर राजस्व विभाग और नगर परिषद की टीम ने कार्रवाई करते हुए कथित कब्जा हटाया है। कार्रवाई के बाद मंदिर परिसर की सीमा पर पोल लगाए गए हैं और अब उन्हीं पोलों पर तार फेंसिंग का कार्य पूरा होने का इंतजार है।
मोहल्लावासियों ने तहसीलदार बिछिया और नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित शिकायत देकर मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने तथा सार्वजनिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग होता है परिसर
शिकायतकर्ताओं के अनुसार मंदिर परिसर में समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। परिसर के समतलीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए मोहल्लावासियों तथा पत्रकार राज कौशिक शर्मा के सहयोग से मिट्टी और मुरम की व्यवस्था कर कार्य कराया जा रहा था।
शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि परिसर में कथित कब्जे के कारण सार्वजनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही थी। मामले की जांच के बाद राजस्व अमले द्वारा स्थल की नाप-जोख की गई।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार नापाई में रूपेश राजपूत पिता सुनहर राजपूत, निवासी वार्ड क्रमांक-06 भड़ंगा, भुआ-बिछिया के हिस्से में मंदिर परिसर की भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने के आधार पर कार्रवाई की गई।
पंचनामा बनाकर हटाया गया अतिक्रमण
नापाई के बाद राजस्व विभाग और नगर परिषद की टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके बाद मंदिर परिसर की सीमा सुरक्षित करने के उद्देश्य से पोल लगाए गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद भी काम अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, क्योंकि पोल लगाए जाने के बाद तार फेंसिंग का कार्य पूर्ण होना बाकी है।
फेंसिंग रुकवाने के प्रयास का आरोप
मोहल्लावासियों का दावा है कि फेंसिंग कार्य को रुकवाने के प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर काम पूरा नहीं करने के लिए दबाव बनाए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
अब सवाल—पोल लग गए, फेंसिंग कब पूरी होगी?
अतिक्रमण हटाने के बाद प्रशासन ने पोल तो लगवा दिए हैं, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि तार फेंसिंग का कार्य कब तक पूरा होगा। मोहल्लावासियों का कहना है कि यदि सीमा की सुरक्षा अधूरी छोड़ी गई तो भविष्य में दोबारा विवाद अथवा अतिक्रमण की स्थिति बन सकती है।
उनका कहना है कि जब राजस्व विभाग की नापाई के आधार पर अतिक्रमण हटाया जा चुका है और सीमांकन के अनुसार पोल लगाए जा चुके हैं, तो उसी आधार पर तार फेंसिंग का काम भी जल्द पूरा कराया जाना चाहिए।
पोल नहीं खिसकेंगे—अध्यक्ष ने किया स्पष्ट
नगर परिषद अध्यक्ष रजनी मरावी ने स्पष्ट किया कि राजस्व अमले द्वारा की गई नापाई के आधार पर ही पोल लगाए गए हैं और लगाए गए पोलों को खिसकाया नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हीं पोलों पर तार फेंसिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा।
तार फेंसिंग जल्द पूरी होगी सीएमओ
मुख्य नगर परिषद अधिकारी राजेश मार्को ने बताया कि तहसीलदार के निर्देश पर नापाई कराई गई थी। नापाई के आधार पर अतिक्रमण की कार्रवाई की गई और पोल लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोलों पर तार फेंसिंग का कार्य भी जल्द पूरा कराया जाएगा।
प्रशासन की कार्रवाई से मोहल्लावासियों में संतोष
अतिक्रमण हटाए जाने के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन, बिछिया तहसीलदार और नगर परिषद का आभार व्यक्त किया है। मोहल्लावासियों का कहना है कि सार्वजनिक मंदिर परिसर किसी व्यक्ति विशेष की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयोग होने वाला सार्वजनिक स्थल है।
स्थानीय लोगों ने जिला कलेक्टर और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि तार फेंसिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए और मंदिर परिसर को भविष्य में संभावित अतिक्रमण से सुरक्षित रखा जाए।
