Breaking

revanchal times new

तिरंगा यात्रा में राष्ट्रप्रेम और शहीदों के सम्मान से गूंजा शहर...हाथों में तिरंगा लेकर हजारों नागरिकों ने दिया एकता का संदेश



दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला,स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ’हर घर तिरंगा’ अभियान अंतर्गत मंडला में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में राष्ट्रप्रेम का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। तिरंगे के सम्मान में पूरा मंडला शहर उमड़ पड़ा। जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में नागरिक तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे। हाथों में तिरंगा और हृदय में देशभक्ति का भाव लिए नागरिकों ने एक स्वर में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

पुलिस ग्राउंड से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता की। यात्रा के दौरान राष्ट्रगीत, देशभक्ति के गीतों और नारों की गूंज से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। तिरंगा यात्रा के दौरान जनजातीय संस्कृति की मनोहारी झलक भी देखने को मिली, जिसने आयोजन की गरिमा और उत्साह को और बढ़ाया


इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह तिरंगा हमें उन वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुई है। आज का दिन देश के प्रति अपने प्रेम और समर्पण को उजागर करने का दिन है।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का गौरव और दायित्व है। आज मंडला की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब यह संदेश दे रहा है कि देश के प्रति प्रेम और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक के मन में गहराई से विद्यमान है।

उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का दूर-दूर से पहुंचना मंडला की राष्ट्रभक्ति और एकजुटता को दर्शाता है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने तथा देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा मार्ग तिरंगों से सजा नजर आया। बड़ी संख्या में नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् सहित देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। यात्रा में शामिल लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post