Breaking

revanchal times new

कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में बाघ के हमले से महिला की मृत्यु





दैनिक रेवांचल टाइम्स -  मंडला दिनांक 02 अगस्त 2026 की रात्रि में कान्हा टाइगर रिजर्व अंतर्गत बफर जोन वनमंडल के परिक्षेत्र खापा (बफर) की बीट कुमादेही के अंतर्गत ग्राम पर्रापुर (स्कूल टोला), थाना बैहर, तहसील परसवाड़ा, जिला बालाघाट में एक दुःखद घटना घटित हुई। रात्रि के समय एक वन्यजीव बाघ के हमले में ग्राम निवासी श्रीमती सुगनी बाई, पति  बुधराम, उम्र लगभग 45 वर्ष, की मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग का अमला तत्काल मौके पर पहुँचकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।

मृतका के परिजनों को शासन के प्रावधानों के अनुसार अग्रिम सहायता राशि तत्काल उपलब्ध करा दी गई है। शेष अनुग्रह सहायता राशि भी नियमानुसार आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण होते ही शीघ्र प्रदान की जाएगी।

घटना के उपरांत वन विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। विभागीय अमला लगातार ग्रामीणों को आवश्यक सावधानियों एवं वन्यजीवों की उपस्थिति के संबंध में जागरूक कर रहा है तथा स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। वन्यजीव एवं मानव सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं।

कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन आमजन से अपील करता है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें तथा वन विभाग द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम वन अधिकारी अथवा वन विभाग को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post