ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता समाप्त करने सहित चार सूत्रीय मांगें, फील्ड में काम करने वाले अधिकारियों ने जताई व्यावहारिक दिक्कतें
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला। किसानों के खेत-खलिहानों तक शासन की कृषि योजनाओं और आधुनिक तकनीकों को पहुंचाने वाले कृषि विस्तार अधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की है। मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ, जिला शाखा मंडला की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कृषि विस्तार अधिकारियों की न्यायोचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में संघ ने कहा कि कृषि विस्तार अधिकारियों का कार्य मुख्य रूप से मैदानी एवं भ्रमण आधारित है। अधिकारी किसानों के खेतों, गांवों तथा विभिन्न शासकीय गतिविधियों में विभागीय कार्यों के लिए लगातार भ्रमण करते हैं। ऐसे में eHRMS के माध्यम से ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता व्यावहारिक कठिनाइयां पैदा कर रही है। संघ ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या, शासकीय आवास एवं मूलभूत सुविधाओं के अभाव तथा महिला कृषि विस्तार अधिकारियों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी हवाला दिया है।
संघ ने मांग की है कि ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता समाप्त कर पूर्ववत दौरा डायरी के आधार पर उपस्थिति व्यवस्था लागू की जाए।
चार प्रमुख मांगों को लेकर सरकार से गुहार
ज्ञापन में कृषि विस्तार अधिकारियों ने प्रमुख रूप से—
1. ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता समाप्त कर पूर्ववत दौरा डायरी व्यवस्था लागू करने।
2. कृषि विस्तार अधिकारियों को ₹2400 के स्थान पर ₹2800 ग्रेड-पे प्रदान करने।
3. अतिरिक्त दक्षता भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹5000 प्रतिमाह किए जाने।
4. एग्री-टेक भत्ता ₹4000 प्रतिमाह प्रदान किए जाने की मांग रखी है।
संघ का कहना है कि कृषि विस्तार अधिकारी सीधे किसानों के बीच रहकर कृषि उत्पादन बढ़ाने, नई तकनीकों के प्रचार-प्रसार और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी कार्यप्रकृति को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं और वेतन संबंधी मांगें न्यायोचित हैं।
कृषि विस्तार अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष के हस्ताक्षर से जारी ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया गया है। अब देखना होगा कि मैदानी स्तर पर किसानों के बीच काम करने वाले इन अधिकारियों की मांगों पर सरकार कितना सकारात्मक रुख अपनाती है।

