Breaking

revanchal times new

आजादी के पर्व पर छाई खुशहाली, बजाग नगर में शान से लहराया तिरंगा



दैनिक रेवांचल टाइम्स - बजाग। देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस बजाग नगर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में राष्ट्रप्रेम और उत्साह के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे क्षेत्र में देशभक्ति की भावना दिखाई दी। जगह-जगह तिरंगा शान से लहराया और भारत माता के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।




सुबह से ही नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बच्चे साफ-सुथरी गणवेश में विद्यालय पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संस्थान प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा थामे बच्चों की लंबी कतार, बैंड-बाजे की धुन और देशभक्ति के नारों से नगर का माहौल पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।

प्रभात फेरी के विद्यालय पहुंचने के बाद विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य, नाटक, गीत एवं भाषण की शानदार प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और देश के प्रति अपने सम्मान को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रमों के समापन पर विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया।

नगर के शासकीय, अर्धशासकीय एवं विभिन्न संस्थानों के कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान से तिरंगा फहराया गया। जनपद पंचायत में जनपद अध्यक्ष फूलकली बाई, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. चंद्रशेखर धुर्वे, वन परिक्षेत्र कार्यालय में डिप्टी रेंजर अजय मुकुंद पोल, विकासखंड शिक्षा कार्यालय में बीईओ एएस मरावी, बीआरसी कार्यालय में ब्रजभान सिंह गौतम, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में प्राचार्य बीएस पंद्राम, मॉडल विद्यालय में पीके झारिया, कन्या परिसर में प्राचार्य बलवीर मरावी, ग्राम पंचायत रैयत में सरपंच शंकर धुर्वे तथा ग्राम पंचायत मॉल में द्रोपदी रौतेल ने ध्वजारोहण किया।

इसी क्रम में संयुक्त तहसील कार्यालय, थाना, अंग्रेजी माध्यम आश्रम, आरएमएसए कन्या छात्रावास, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, प्री-मैट्रिक छात्रावास, स्टेट एवं सेंट्रल बैंक, सुभाष चंद्र अंग्रेजी विद्यालय सहित निजी विद्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। कांग्रेस कार्यालय में लोकेश पटेरिया की उपस्थिति में तथा भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों द्वारा तिरंगा फहराया गया।

सभी संस्थानों में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। जनपद पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में उपाध्यक्ष राधेश्याम कुशराम और सीईओ सचिन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस के उल्लास में बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष सभी बढ़-चढ़कर शामिल हुए। नगर के विभिन्न स्थानों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। इस दौरान नीरज मुजवार, अशोक साहू, अयोध्या प्रसाद नायक, मुरारी साहू, यशवंत साहू, लाला श्रीवास्तव, प्रमोद साहू, ओमप्रकाश साहू, कमलेश पटेरिया, शंकर भदौरिया एवं सुशील यादव ,सहित अनेक लोग विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहे।

आजादी के पर्व पर बजाग में हर ओर तिरंगे की शान दिखाई दी। देश के वीर सपूतों के बलिदान को नमन करते हुए नगरवासियों ने स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post