_23 अगस्त को जिला मुख्यालय में सरकार के घेराव की दी चेतावनी_
दैनिक रेवांचल टाईम्स - मण्डला। अतिथि शिक्षक समन्वय समिति मध्यप्रदेश के प्रांतव्यापी आवाहन पर रविवार 16 अगस्त को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन के साथ भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष और कलेक्टर के हाथों ज्ञापन सौंपा गया। जिला अध्यक्ष पी.डी. खैरवार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री, राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले अतिथि शिक्षकों के लिए स्थाई नीति बनाने और लंबित समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि स्थाई नहीं करके समान कार्य-समान वेतन तो दूर, सीधी भर्ती, प्रमोशन और अन्य नीतियों के कारण कभी भी बेरोजगार कर दिए जाने की नीति 18 वर्षों से सरकार बंद नहीं कर रही है।
संगठन की प्रमुख मांगों में कम से कम 7 शिक्षा सत्र या 1000 कार्यदिवस पूर्ण करने वाले अतिथि शिक्षकों को अधिकतम अनुभव के आधार पर 12 माह सेवाकाल और जीवन पर्यन्त सेवा पर रखने, अतिथि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया बनाने, शिक्षक भर्ती पात्रता नियम शर्तों के अनुसार संविदा शिक्षक बनाकर गुरुजी, औपचारिकेत्तर अनुदेशक पर्यवेक्षक की तर्ज पर नियमित रोजगार से जोड़ने, विभागीय परीक्षा में सेवाकाल अनुसार कम से कम 20 बोनस अंक देने, पूर्व में काम कर चुके अतिथि शिक्षकों को वरीयता, पूर्व वर्षों के पैनल को प्राथमिकता, अतिथि शिक्षक भर्ती में अप्रशिक्षित लेकिन अनुभवी शिक्षकों के लिए डी.एल.एड./बी.एड. अनिवार्यता समाप्त करने और शासन की ओर से प्रशिक्षित कराने, ई-अटेंडेंस का समय सुबह 11 से शाम 4 बजे तक करने और मासिक मानदेय 10 तारीख तक अनिवार्य भुगतान सहित अतिथि शिक्षक भर्ती में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग शामिल है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा की गई घोषणा और कांग्रेस के शासनकाल में विधायक रहते हुए वर्तमान मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के द्वारा लिखे गए पत्र का पालन लंबे समय बीत जाने के बाद भी सरकार के द्वारा नहीं करने का आरोप लगाया गया है।
आगे चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर वर्षों लंबित मांगें पूरी नहीं की गईं तो 23 अगस्त 2026 को कलेक्ट्रेट के सामने विशाल प्रदर्शन करने बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों अतिथि शिक्षक परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझ रहे हैं, इसे तत्काल खत्म किया जाए।
वही प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष पी.डी. खैरवार के साथ संजय सिसोदिया, कृष्ण कुमार वल्के, एन.एल. नाग, अरुण बैरागी, रेणु तिवारी, उपासना ठाकुर, गणेश झारिया, उदय झारिया, राकेश चौधरी, हेमराज मसराम, अनुभव झारिया, राकेश गोप, विवेक साहू, हेमंत मरावी, श्यामले सैयाम, जितेन्द्र साहू, सी एल सरौते सहित जिले भर से बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक शामिल रहे। 23 अगस्त के एक दिवसीय प्रदर्शन में जिले के सभी अतिथि शिक्षकों से पहुंचने की अपील भी की गई है।

