रेवांचल टाइम्स पांढुर्णा|भारतीय जनता पार्टी जिला पांढुर्णा के लोधीखेडा, रामाकोना,सौसर एवं पीपला नारायणवार मंडलों की मासिक बैठकें जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड के मार्गदर्शन में संपन्न हुईं। बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों, चल रहे अभियानों, आगामी कार्यक्रमों एवं बूथ सशक्तिकरण को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठकों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और समर्पण की मजबूत नींव पर खड़ा है। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है और संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा जनहित एवं विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। इन योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें और आमजन को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
मोहोड ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर दिखाई देती है। इसलिए प्रत्येक बूथ समिति को सक्रिय, संगठित और मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं बूथ अध्यक्षों से नियमित बैठकें आयोजित करने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा प्रत्येक अभियान को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने का आह्वान किया।
बैठकों में संगठन के आगामी संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन के निर्देशानुसार प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने तथा भारतीय जनता पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठकों में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष,मंडल पदाधिकारी,मोर्चा पदाधिकारी,शक्ति केंद्र प्रभारी,बूथ अध्यक्ष,वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं से संगठन हित में निरंतर सक्रिय रहकर आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया गया।


