संत रविदास जी के विचारों से समरस और अंत्योदय युक्त भारत का निर्माण हो रहा है : शेषराव यादव
29 जुलाई गुरु पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027 रविदास जयंती तक मंडल से बूथ स्तर पर होंगे विविध सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनजागरण कार्यक्रम
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष को पूरे जिले में भव्य एवं व्यापक रूप से मनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जिला छिंदवाड़ा द्वारा सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आगामी 29 जुलाई 2026 गुरु पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027 रविदास जयंती तक संचालित होने वाले 'समरसता संकल्प अभियान' की रूपरेखा, कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि संत रविदास जी महाराज केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक हैं। उनका जीवन समानता, परिश्रम, सामाजिक समरसता और बंधुत्व का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा प्रदेश की भाजपा सरकार संत रविदास जी महाराज के अंत्योदय और समरस समाज के विचार को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी महाराज का 650वां जयंती वर्ष केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे को और अधिक मजबूत करने का एक ऐतिहासिक अवसर है। गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होने वाला 'समरसता संकल्प अभियान' जिले के प्रत्येक गांव, प्रत्येक मंडल और प्रत्येक नागरिक तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान का वाहक बने और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर संत रविदास जी महाराज के समरस भारत के स्वप्न को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाए।
कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री विजय पांडे ने कहा कि समरस समाज का निर्माण ही संत रविदास जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज ने जाति-पांति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध आजीवन संघर्ष कर समाज को समानता का संदेश दिया।
भारतीय जनता पार्टी उन्हीं आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान मंडल से लेकर बूथ स्तर तक सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरण, जनसंवाद, विचार गोष्ठी, सेवा कार्य एवं विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन सुखनंदन जावरे ने किया तथा अंत में राकेश माइकल पहाड़े ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला में प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह, जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक विजय पांडे, जिला महामंत्री कमलेश उइके, अभियान सह संयोजक राकेश माइकल पहाड़े, मनोज चौरे, सुखनंदन जावरे, राजेश डेहरिया, कार्यालय मंत्री भारत घई, जिला उपाध्यक्ष राजू नंदवंशी, नीरज बंटी पटेल, जिला मंत्री शैलेंद्र पटेल, गोलू लक्ष्मीकांत नागरे, नीलू निर्मलकर, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र रघुवंशी भाजपा नेता संजय पटेल, सुशील तिवारी, विजेन्द्र चौहान, दिन्शु यादव सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.jpeg)
