Breaking

revanchal times new

मन की बात’ से जुड़ना राष्ट्र के सकारात्मक संकल्पों से जुड़ना है, हर बूथ बने जनसंवाद का केंद्र - शेषराव यादव




 रेवांचल टाइम्स  छिंदवाड़ा|भारतीय जनता पार्टी छिंदवाड़ा के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के आगामी प्रसारण को लेकर जिले के सभी संगठनात्मक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर व्यापक जनसहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि "मन की बात केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री का आत्मीय संवाद है। यह संवाद समाज के सकारात्मक प्रयासों को पहचान देता है, सामान्य नागरिकों की असाधारण प्रेरणादायक कहानियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी की भावना को सशक्त बनाता है।


उन्होंने कहा कि रविवार, 26 जुलाई को प्रातः 11 बजे जिले के प्रत्येक शक्तिकेंद्र एवं बूथ पर कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण सुनिश्चित किया जाएगा। सभी शक्तिकेंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक एवं बूथ प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ समय से पूर्ण करें तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करें।


उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ता सामूहिक रूप से उपस्थित होकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुनें। यह केवल संगठनात्मक दायित्व नहीं, बल्कि समाज के साथ संवाद और राष्ट्रहित के संकल्पों को आगे बढ़ाने का अवसर भी है।


भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन ऐप पर आयोजित डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म में सहभागिता कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने तथा उसका स्क्रीनशॉट अपने-अपने व्हाट्सएप समूहों एवं सोशल मीडिया मंचों पर साझा करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग संगठन को अधिक सक्षम, सक्रिय और जनोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ से कार्यक्रम की कम से कम दो तस्वीरें लेना अनिवार्य रहेगा। कार्यक्रम प्रारंभ होने के बाद सुबह 11:05 बजे से संगठन ऐप पर बूथ की जानकारी एवं फोटो अपलोड की जाएँ, ताकि प्रत्येक बूथ की सहभागिता का डिजिटल दस्तावेज तैयार हो सके।


भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि छिंदवाड़ा जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ इस कार्यक्रम में सहभागी बनेगा तथा "मन की बात" को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post