नर्मदा दर्शन से लौटते समय हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार संदीप जैन शुक्रवार सुबह मां नर्मदा के दर्शन कर अपने दोपहिया वाहन (एमपी-20 एसएक्स-3667) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटर मित्रा पेट्रोल पंप के पास ट्रैफिक पुलिस और न्यायिक अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा लगाए गए चेकिंग प्वाइंट पर उन्हें रोका गया।
जल्दबाजी में हेलमेट पहनना भूलने की बात कही
पुलिसकर्मियों ने हेलमेट नहीं पहनने का कारण पूछा तो संदीप जैन ने बताया कि वे सुबह नर्मदा दर्शन के लिए निकले थे और जल्दबाजी में हेलमेट पहनना भूल गए। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹1000 का चालान बनाया। संदीप जैन ने बिना किसी आपत्ति के तत्काल जुर्माने की राशि जमा कर दी।
'आगे से हमेशा हेलमेट पहनूंगा'
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चेकिंग के दौरान उन्होंने न तो अपना परिचय दिया और न ही किसी तरह का प्रभाव दिखाने की कोशिश की। चालान जमा करने के बाद उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन मां नर्मदा के दर्शन के लिए जाते हैं और भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएंगे। उन्होंने नियमों का पालन कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस का भी धन्यवाद दिया।
लोगों ने की जिम्मेदार व्यवहार की सराहना
मौके पर मौजूद लोगों ने संदीप जैन के व्यवहार की प्रशंसा की। उनका कहना था कि कई बार प्रभावशाली लोग चालान से बचने के लिए दबाव बनाने का प्रयास करते हैं, लेकिन इस मामले में जेडीए अध्यक्ष ने नियमों का सम्मान करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक का उदाहरण प्रस्तुत किया।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर जारी है सख्ती
उल्लेखनीय है कि जबलपुर में ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मोटर मित्रा पेट्रोल पंप के पास मोबाइल कोर्ट के माध्यम से मौके पर ही चालानी कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत बिना हेलमेट, ब्लैक फिल्म, हूटर, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नियम तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
