Breaking

revanchal times new

जबलपुर में 4.38 लाख का गांजा जब्त: दो महिलाओं समेत तीन तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा से जुड़ा नेटवर्क बेनकाब

 





जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच, सिविल लाइन और गोसलपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 8 किलो 765 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4.38 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 11,840 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी, एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया एवं डीएसपी अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में की गई।

रेलवे स्टेशन पर पहली गिरफ्तारी

सिविल लाइन थाना प्रभारी स्वप्निल दास के अनुसार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित पार्सल कार्यालय के पास एक महिला और एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ में उनकी पहचान नंदनी गढ़वाल (37) निवासी कटनी (वर्तमान पता प्रेमसागर, हनुमानताल) और महेन्द्र भट्ट (27) निवासी झंडा चौक, हनुमानताल के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान दोनों के बैग से 5 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बताया कि हनुमानताल निवासी दिलीप चौधरी ने उन्हें उड़ीसा से गांजा लाने के लिए 10 हजार रुपये अग्रिम दिए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।

दूसरी कार्रवाई में महिला तस्कर गिरफ्तार

इसी अभियान के तहत गोसलपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने एनएच-30 स्थित यात्री प्रतीक्षालय से कहकशा बानो (21) निवासी मेहदवानी, जिला डिंडोरी को गिरफ्तार किया। उसके बैग से 3 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में कहकशा ने बताया कि वह नंदनी गढ़वाल और महेन्द्र भट्ट के साथ उड़ीसा के झारसुगुड़ा गई थी, जहां से उसे गांजे के दो पैकेट जबलपुर लाने के बदले 3 हजार रुपये देने का लालच दिया गया था।

मुख्य सरगना की तलाश जारी

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं, गांजा तस्करी के कथित मुख्य सरगना दिलीप चौधरी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post