श्री राम मंदिर, छोटी बाजार में एकत्रित होंगे गौ भक्त और साधु-संत
समय: सुबह 8 बजे से विजय मंत्र का सामूहिक गान, 11 बजे कलेक्टर कार्यालय के लिए प्रस्थान
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|गौ संरक्षण और संवर्धन को समर्पित 'गौ सम्मान अभियान' के तहत आगामी 27 जुलाई को छिंदवाड़ा शहर में एक विशाल जन-जागरूकता व ज्ञापन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस महाअभियान में जिले के समस्त सामाजिक, धार्मिक संगठनों के साथ-साथ पूज्य साधु-संत, विद्वतजन और बड़ी संख्या में गौ भक्त शामिल होंगे।
अभियान समिति से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत 27 जुलाई को सुबह 8 बजे छोटी बाजार स्थित श्री राम मंदिर से होगी। प्रातः 8:00 से 9:30 बजे तक मंदिर प्रांगण में 'श्री राम जय राम जय जय राम' विजय मंत्र का सामूहिक जाप किया जाएगा। तत्पश्चात, प्रातः 11 बजे श्री राम मंदिर से साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति में एक शांतिपूर्ण रैली निकाली जाएगी, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी।
कलेक्टर कार्यालय में 'गौ माता की जय' के जयघोष के साथ जिला प्रशासन को गौ माता के सम्मान व संरक्षण हेतु ज्ञापन सौंपा जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर एक साथ आयोजन
आयोजकों ने बताया कि यह अभियान केवल छिंदवाड़ा ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के हर ब्लॉक, तहसील और जिले में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। गौ रक्षा समिति ने जिले के सभी गौ रक्षकों,धार्मिक-
सामाजिक संस्थाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
देशव्यापी 'गौ सम्मान अभियान' के इस पावन पर्व में आप सभी गौ रक्षक एवं धर्मप्रेमी बंधु सादर आमंत्रित हैं। अधिक से अधिक संख्या में पधारकर गौ माता के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं!

