राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान एवं आयुष्मान कार्ड वितरण कार्यक्रम संपन्न - revanchal times new

revanchal times new

निष्पक्ष एवं सत्य का प्रवर्तक

Breaking

Saturday, July 1, 2023

राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान एवं आयुष्मान कार्ड वितरण कार्यक्रम संपन्न

 


 

मण्डला 1 जुलाई 2023

     राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान एवं आयुष्मान कार्ड के वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए शासन द्वारा कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। इस वृहद लक्ष्य की पूर्ति के लिए सम्मिलित प्रयासों की आवश्यकता है। सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन के लिए जनजागरूकता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सिकलसेल एनीमिया के लक्षण, स्क्रीनिंग एवं उपचार के संबंध में भी जानकारी दी। डॉ. सिडाना ने कहा कि सिकल सेल के रोगी अपना आयुष्मान कार्ड संभालकर रखें। दवाइयां समय पर लें तथा पेयजल की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दें। नगरपालिका सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान एवं एक करोड़ आयुष्मान कार्ड के वितरण के लिए शहडोल में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया।

     इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि सिकलसेल एनीमिया के रोगी चिन्हित अस्पतालों में जाकर अपना इलाज कराएं। उन्होंने आमजनों से आग्रह किया है कि जिले में डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों को रोकने के लिए कूलर, कबाड़, गड्ढों, गमले, टायरों एवं घरों के आसपास गड्ढों में पानी इकट्ठा ना होने दें। जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा ने अपने संबोधन में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा सिकलसेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों एवं नीतिगत प्रावधानों तथा आयुष्मान कार्ड से मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी दी। सिकलसेल के इलाज के लिए चलाए जाने वाले कार्यक्रमों से लाभान्वित व्यक्तियों तथा आयुष्मान कार्ड के हितग्राहियों ने कार्यक्रम में अपना अनुभव साझा करते हुए सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आयुष्मान पंजीयन में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आयुष्मान एवं सिकल सेल के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

No comments:

Post a Comment