तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडिया, गोंगपा की सदस्यता लेने की चर्चा... देखें वीडियो...
रेवांचल टाईम्स- मंडला। आदिवासी बाहुल्य जिले मंडला के एक मात्र बडे नेता और जिले की शान जो भारतीय जनता पार्टी के कद्देवार नेता और मोदी सरकार में ग्रामीण विकास एवं इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला जिले के मशहूर आदिवासी नेता हैं। फिलहाल मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का एक सनसनीखेज वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भाजपा का दामन छोड़कर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ज्वाइन कर ली है। इतना ही नहीं वायरल वीडियो में दावा यह भी किया जा रहा है कि उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की सरकार बनाने का प्रण ले लिया है। दरअसल यह पूरा मामला वहां से शुरु हुआ जब केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के तत्वावधान में आयोजित सत्य सेवा संकल्प अधिकार यात्रा 2023 के कार्यक्रम में मौजूद होकर विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए ऐसे उद्गार व्यक्त किए जिसमें गोंगपा के समर्थन में कसीदे पढ़े गए। इस कार्यक्रम के आयोजक जिला पंचायत अध्यक्ष एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष कमलेश तेकाम एवं कार्यक्रम अध्यक्ष ललिता धुर्वेे जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 16 से अध्यक्षता कर रहीं थी। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि उसी दौरान केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यक्रम में पहुंचे और उन्होंने माईक लिया और कार्यक्रम आई जनता के बीच ऐलान किया कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी में सदस्यता लेकर मैं 2023 में गोंडवाना की सरकार बनाने का प्रण लेता हूं, उसके बाद उपस्थित जनसमुदाय ने गोंडवाना गणतंत्री पार्टी जिंदाबाद के नारे लगने शुरु हो जाते हैं।
राजनीतिक गलियारों में लगने लगे कयास-
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सर्वप्रिय और राष्ट्रीय स्तर के आदिवासी नेता हैं, लेकिन काफी दिनों से वे पार्टी की अंतर्कलह और उपेक्षा के शिकार होते रहे हैं। हालांकि इसकी खबरें कई बार राजनीतिक गलियारों में चटखारे लेकर आती-जाती रहीं, लेकिन कभी भी सार्वजनिक रूप से मंत्री फग्गन सिंह ने इन खबरों का खंडन नहीं किया। न ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई विरोधाभासी बयान दिया। लेकिन अचानक ही एक ताजा वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि उन्होंने न केवल गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यक्रम में शिरकत की बल्कि मंच से गोंगपा की शान में कसीदे पढ़े। लिहाजा जिले सहित प्रदेश और देश स्तर पर इस वायरल वीडियो की क्लीपिंग तेजी से प्रसारित हो रही है।
भाजपा से पुराना नाता-
वही केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का भाजपा से गहरा नाता है। और अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत में उन्होने पार्टी के लिए आदिवासियों को संगठित किया। उसके बाद 1990 में विधानसभा के सदस्य बने। बाद में 1996 में वे भाजपा से सांसद बने। नवंबर 1999 में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हुए। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में उन्हें पहले जनजातीय मंत्रालय का महत्वपूर्ण मंत्री बनाया गया, फिर कुछ वर्षों बाद उन्हें संसदीय कार्य मंत्री के पद से नवाजा गया, मोदी सरकार में फिलहाल वे ग्रामीण विकास एवं इस्पात राज्यमंत्री का पद संभाल रहे हैं। ऐसे में एकाएक गोंगपा में जाने की खबरों ने प्रदेश और देश की सियासत में भूचाल ला दिया है। हालांकि रेवांचल टाइम्स ऐसी किसी भी वीडियो वायरल की सत्यता पर विश्वास नहीं करता लेकिन मंडला जिले सहित पूरे प्रदेश और भाजपा के अंदर इस खबर को लेकर भूचाल सी मची हुई है।
रेवांचल टाईम्स से मुकेश श्रीवास की रिपोर्ट....

No comments:
Post a Comment