रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थानों से गुजरेगी “वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा“ - revanchal times new

revanchal times new

निष्पक्ष एवं सत्य का प्रवर्तक

Breaking

Tuesday, June 20, 2023

रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थानों से गुजरेगी “वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा“



 

मंडला 20 जून 2023

                मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने एएनआई को वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि ये वर्ष रानी दुर्गावती के जन्म के 499 वर्ष पूरे होकर 500 वर्ष की शुरुआत का है। मध्यप्रदेश की विरासत की गौरव रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस 24 जून व जन्म दिवस 5 अक्टूबर से आज की पीढ़ी देशभक्ति और आत्मसम्मान के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने की प्रेरणा लें, इसीलिए वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्राका आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थानों से गुजरेगी, संपूर्ण यात्रा मार्ग में उनके जीवन के प्रेरणादायी संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है की इस यात्रा के समापन पर प्रधानमंत्री भी अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस यात्रा का शुभारंभ गृहमंत्री अमितशाह करेंगे। यह यात्रा पाँच यात्रा मार्ग से होते हुए शहडोल पहुँचेगी। मुख्यमंत्री ने सभी से वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा में अपने श्रद्धासुमन अर्पित करने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

 

वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा

 

                मध्यप्रदेश की प्रमुख जनजाति गोंड़ हैं, गोंड़ राजवंश ने 52 गढ़ों के विस्तृत साम्राज्य पर 63 गोंड़ राजाओं ने 1400 वर्षों तक अपना शासन किया। महाराजा संग्राम शाह (1510-1543 ई.), राजा दलपत शाह, राजा वीरनारायण, रानी दुर्गावती, राजा चन्द्रशाह, राजा हिर्देशाही, राजा निजाम शाही एवं 1857 में अंग्रेजों के विरुद्ध लड़कर शहीद हुए राजा शंकरशाह एवं कुँवर रघुनाथशाह प्रमुख हैं।

                राजा संग्रामशाह के पुत्र राजा दलपतशाह (1543-1550 ई.) से रानी दुर्गावति (जन्म 5 अक्टूबर 1524) का विवाह हुआ, इनके पति दलपत शाह की मृत्यु उपरांत रानी दुर्गावती ने 1550 से 1564 तक अपना शासन किया। अकबर के सरदार आसफ खान से युद्ध में 24 जून 1564 को रानी दुर्गावती का जबलपुर के नर्राई नाला क्षेत्र में युद्ध में बलिदान हुआ। रानी दुर्गावती को आज भी सर्व सामान्य व गोंड़ जनजातीय समाज अपनी रानी, रणचंडी, संरक्षिका एवं देवी के रूप में अनन्य श्रद्धा का भाव रखते हैं।

                प्रतिवर्ष 24 जून को रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस प्रदेश के कई जिलों में श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। गोंड़ बाहुल सभी क्षेत्रों में बलिदान दिवस के कार्यक्रम बड़ी संख्या में आयोजित किये जाते हैं। आगामी 24 जून को भी पूरे प्रदेश में रानी दुर्गावती बलिदान दिवस मनाया जाएगा। रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस में देश के प्रधानमंत्री अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। रानी दुर्गावती की बलिदान गाथा को जन-जन तक पहुँचाने हेतु रानी दुर्गावती बलिदान दिवस गौरव यात्रा का शुभारंभ 22 जून 2023 को बालाघाट में गृहमंत्री अमितशाह के हाथों से होगा। यह यात्रा रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े सभी प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी एवं इसका समापन 27 जून 2023 को शहडोल में होगा। बलिदान दिवस निमित कार्यक्रम के समापन में मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी होंगे। यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव का अवसर है जिसमें मध्यप्रदेश की गौरव रानी दुर्गावति के बलिदान को स्मरण करने स्वयं प्रधानमंत्री पधार रहे हैं।

No comments:

Post a Comment