रेवांचल टाइम्स - मण्डला जिले आदिवासी बाहुल्य होने के कारण सरकार के द्वारा अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है परन्तु जहां सरकार के नुमाइंदों एवं सत्ता के नेता-कार्यकर्ताओं द्वारा अतिक्रमण करने की बात आती है वहां शासन-प्रशासन एवं जिम्मेदारों के पसीने छूट जाते हैं, और जब किसी गरीब अथवा आम जनता द्वारा अपने परिवार की छाया हेतु अतिक्रमण किया जाता है तो सरकार बुल्डोजर चलाकर अखबारों की सुर्खियां बनकर बाहवाही लूटने लगते हैं। जिला मुख्यालय के नजदीक ग्राम पंचायत टिकरिया अंतर्गत ग्राम कटंगी अतिक्रमण और अवैध कब्जा को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है जहां मौजूदा सरकार के नेता-कार्यकर्ताओं द्वारा सत्ता का जोर लगाकर मनमानी अतिक्रमण किया जा रहा है, सत्ता के नुमाइंदों द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जा को लेकर सीएम हेल्पलाइन,टीवी चैनलों, अखबारों में आये दिन खबर प्रकाशन किया जा रहा है, पटवारी रवि चौकसे द्वारा भी अतिक्रमण का मामला बनाकर तहसील न्यायालय में पेश किया जा चुका है बावजूद इसके मामले को लेकर ग्राम पंचायत सचिव आशा किरण वैष्णव का कहना है कि हमारे द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा सकती है हम अतिक्रमण को लेकर कुछ नहीं कर सकते वहीं सरपंच धर्मेन्द्र कुर्राम द्वारा बताया गया कि शैलेन्द्र चन्द्रोल द्वारा सरपंच संघ के हड़ताल के दौरान अतिक्रमण किया गया है जिसमें सरपंच एवं रोजगार सहायक हड़ताल पर बैठे हुए थे परंतु पंचायत सचिव की लापरवाही के चलते यह अतिक्रमण किया जा रहा है, सचिव द्वारा समय पर अतिक्रमण को लेकर आला-अधिकारियों को जानकारी नहीं दी गई।
न्यायालय के आदेशों का किया गया उलंघन
ग्राम पंचायत टिकरिया के ग्राम कटंगी निवासी शैलेन्द्र चन्द्रोल पिता महादेव चन्द्रोल द्वारा प.ह.न. 72 रा.नि.मं. शासकीय भूमि मद चरनोई खसरा नं.120 रकवा 0.96 हे. मेसे 234 वर्ग फुट पर अवैध कब्जा कर अतिक्रमण किया गया है। इस संबंध में अतिक्रमण रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय में जमा कर दी है।जिसका मामला क्र.29/अ-68/2023-24 तथा न्यायालय द्वारा अतिक्रमणकर्ता को प्रारंभिक सथगन आदेश क्रमांक/प्रस्तु./तह./2023/88 दिनांक 19/05/2023 जारी कर म.प्र.भू.-रा.सं.1959 की धारा 248अंतर्गत न्यायालय में अतिक्रमण प्रतिवेदन सह पंचनामा प्रस्तुत किया गया है जिसमें अतिक्रमणकर्ता शैलेन्द्र चन्द्रोल पिता महादेव चन्द्रोल द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर शासकीय चारागाह मे से 15×23=345 वर्ग फुट पर अतिक्रमण कर लम्बी दीवार का निर्माण किया जा रहा है। पटवारी रवि चौकसे द्वारा बनाए गए पटवारी प्रतिवेदन से स्पष्ट है कि यदि उक्त निर्माण कार्य तत्काल नहीं रोका गया तो शासन को अपूर्णीय छति होगी। पटवारी प्रतिवेदन एवं तैयार जांच रिपोर्ट के अनुसार न्यायालय तहसीलदार मण्डला द्वारा अतिक्रमणकर्ता शैलेन्द्र चन्द्रोल पिता महादेव चन्द्रोल को आदेशित किया गया कि उक्त प्रश्नाधीन भूमि में किए जा रहे अवैध निर्माण कार्य में तत्काल रोक लगाकर/निर्मित निर्माण को हटाया जावे एवं नियत पेशी दिनांक/समय में न्यायालय में उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत किया जावे। वहीं अतिक्रमणकर्ता को न्यायलय द्वारा आदेशित किया गया है कि अवैध कब्जा कर अतिक्रमण किए गए भूमि पर तत्काल निर्माण कार्य बंद नहीं करने की स्थिति में न्यायालय द्वारा एकपक्षीय कार्यवाही किया जावेगा। उक्त आदेश की प्रतिलिपि थाना प्रभारी एवं अतिक्रमणकर्ता को दिया गया है बावजूद इसके अतिक्रमणकर्ता शैलेन्द्र चन्द्रोल द्वारा स्वयं को मौजूदा सरकार का कार्यकर्ता तथा स्वयं की सत्ता होने का रुवाब दिखाते हुए अतिक्रमण किए गए भूमि पर निर्माण कार्य नहीं रोका गया है, वहीं शासन-प्रशासन के जिम्मेदारों नेता-मंत्रियों के उंगलियों के नीचे दबकर उनकी जी-हुजूरी करते हुए संबंधित के खिलाफ अभी तक कोई कार्यवाही नहीं किया गया है और इस तरह इन्हीं नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा शासकीय भूमि को अपनी जागीर समझते हुए कब्जा पर कब्जा कर पोल्ट्री फॉर्म,वेयर हाउस, स्कूल,काॅलेज,काॅम्पलेक्स के नाम पर व्यापार कर रहे हैं, वहीं आमजनता को रहने की लिए छत नहीं मिल रही है। सत्ता में बैठे इन नेताओं, कार्यकर्ताओं और सरकार से एक सवाल का जवाब जनता जानना चाहती है कि आखिर आमजनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सरकार यह भेदभाव क्यों कर रही है। जहां गरीबों की कुटिया पर सरकार धड़ल्ले से बुल्डोजर चला रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं को अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण करने के लिए सहयोग दे रही है और वहीं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी भी अपनी कीमत बसूल कर शासकीय भूमि की सौदेबाजी कर भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारीयों को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं।
राजस्व विभाग ने सीएम हेल्पलाइन पर किया फर्जी निराकरण
राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की करतूतों से कोई अनभिज्ञ नहीं है जिले में ऐंसा कोई विकासखण्ड अछूता नहीं होगा जहां राजस्व विभाग के जिम्मेदार रिश्वत लेते नहीं पकड़े गए हों आये दिन पटवारी रिश्वत लेते पकड़े जा रहे हैं। लोकायुक्त की कार्यवाही अनुसार भ्रष्टाचार में राजस्व विभाग सबसे आगे है, बावजूद इसके जिम्मेदारों ने अपनी निजी कमाई और भ्रष्टाचार का दामन नहीं छोड़ा अपनी हिस्सेदारी बटोरने के चलते मनमानी रवैया अपनाते हुए अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों को बढ़ावा दिया जा रहा है और मामले को लेकर जब कोई शिकवा-शिकायत किया जाता है तो स्वयं की गर्दन बचाने तथा अपने भ्रष्टाचार को छुपाने को लेकर फर्जी निराकरण प्रस्तुत किया जाता है मामला ग्राम पंचायत टिकरिया अंतर्गत ग्राम कटंगी निवासी शैलेन्द्र चन्द्रोल पिता महादेव चन्द्रोल द्वारा किए गए अतिक्रमण का जहां न्यायालय द्वारा अवैध कब्जा कर किए जा रहे अतिक्रमण पर तत्काल निर्माण कार्य रोकने को लेकर आदेशित किया गया है परन्तु अतिक्रमणकर्ता द्वारा न्यायालय के आदेश को ठुकराते हुए निर्माण कार्य नहीं रोका गया और न्यायालय को खुलेआम चुनौती दे दी गई, वहीं मामले पर चल रहे सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर विभाग द्वारा फर्जी निराकरण प्रस्तुत किया गया जब शिकायतकर्ता से हेल्पलाइन द्वारा निराकरण पर संतुष्टि मांगी गई तब राजस्व विभाग द्वारा किए गए फर्जी निराकरण की पोल खुली जिससे यह स्पष्ट हुआ कि राजस्व द्वारा अपनी गर्दन और सिविल के साथ -साथ सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग बचाने के चलते आम जनता को गुमराह किया जा रहा है और नेताओं-कार्यकर्ताओं को शासकीय भूमि बेचकर अपनी तिजोरियां भरी जा रही है। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले शैलेन्द्र चन्द्रोल द्वारा अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किए जा रहे भवन पर लेंटर डालने की तैयारी की जा रही है और विभाग के अधिकारियों एवं जिम्मेदारों द्वारा हाथ पर हाथ रखकर तमाशा देखा जा रहा है जिससे यह स्पष्ट होता है कि अतिक्रमणकर्ता द्वारा जिम्मेदारों को उनकी कीमत दी जा चुकी है जिसके एवज में जिम्मेदारों द्वारा जानबूझकर अतिक्रमण एवं अवैध कब्जा को नजर अंदाज किया जा रहा है। वहीं इतनी शिकवा शिकायत होने के बावजूद भी ग्राम पंचायत टिकरिया द्वारा मामले को नजरंदाज किया जा रहा है इस तरह शासन-प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे इस सौदेबाजी और लापरवाहियों का भ्रष्टाचार अथवा मनमानी रवैया समझा जावे।
इनका कहना है ----
01--ग्राम पंचायत एवं राजस्व विभाग द्वारा अतिक्रमणकर्ता को निर्माण कार्य रोकने को लेकर नोटिस दिया जा चुका है।
धर्मेंद्र कुर्राम
सरपंच ग्राम पंचायत टिकरिया।
02--शैलेन्द्र चन्द्रोल द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया जा रहा है जिसकी शिकायत मेरे द्वारा संबंधित विभाग को किया गया है।
एड.अजीत पटेल
शिकायकर्ता।


No comments:
Post a Comment