Breaking

revanchal times new

अधिकारी मैदानी भ्रमण के दौरान स्कूलों का करें औचक निरीक्षण कमिश्नर ने वीसी में दिए निर्देश

 


 

मण्डला 14 सितम्बर 2022

            जबलपुर संभाग आयुक्त बी. चंद्रशेखर ने सभी जिलों की नियमित समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने तय बिन्दुओं के आधार पर जिलेवार समीक्षा की। कमिश्नर ने संभाग आयुक्त कार्यालय से जिले के स्कूलों के निरीक्षण के लिए भेजी जा रही टीमों की रिपोर्ट पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने मैदानी भ्रमण के दौरान स्कूलों का औचक निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में शिक्षकों तथा बच्चों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, अध्ययन स्तर, विद्यालय की मूलभूत व्यवस्थाओं के बारे में जायजा लें। संभाग आयुक्त ने जर्जर स्कूल भवनों की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के जर्जर स्कूल भवनों की आंकड़ेवार जानकारी पर चर्चा करते हुए कहा कि जर्जर एवं जोखिम वाले भवनों में कक्षाएं न लगाएं। विद्यार्थियों के पढ़ने के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन एवं संबंधित उपस्थित थे।

            बैठक में कमिश्नर ने शौचालय विहीन शालाओं के चिन्हांकन के बारे में सभी कलेक्टर्स से जानकारी ली। उन्होंने स्कूलों में विद्युत कनेक्शन एवं अन्य व्यवस्थाओं के बारे में समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। संभाग आयुक्त ने जाति प्रमाण-पत्र बनाने एवं वितरण अभियान की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला जिले में जाति प्रमाण-पत्र बनाने एवं वितरण की विस्तृत जानकारी ली। कमिश्नर ने मंडला जिले में जाति प्रमाण-पत्र बनाने एवं वितरण के लिए किए जा रहे कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का सतत रूप से फॉलोअप भी किया जाए। बैठक में स्वामित्व योजना, टीकाकरण, अस्पतालों के अधोसंरचना एवं उपकरण, सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं की समीक्षा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post