रेवांचल टाईम्स - कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए. के निर्देशानुसार एवं अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सतत् खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण कर खाद्य सामग्रियों के नमूने लिये जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा ‘’ईट राईट’’ गतिविधि अंतर्गत निरीक्षण एवं नमूना कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शिवहरे एवं मनोज कुमार रघुवंशी द्वारा गुना शहर की विभिन्न डेयरियों एवं किराना दुकानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा प्रेमांश डेयरी केंट से दूध एवं छाछ, गोपाल डेयरी श्रीराम कालोनी से दूध एवं मावा, जितेन्द्र किराना भण्डार बी.जी. रोड़ से व्हाइटनर, मधु दूध डेयरी म्याना से दूध एवं पनीर, शर्मा किराना म्याना से गरम मसाला, इलायची दाना एवं रोहित किराना भण्डार म्याना से चाय के नमूने लिये गये। उक्त नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा पूर्व में लिये गये नमूने अमानक/मिथ्याछाप पाये जाने पर 02 प्रतिष्ठानों के विरूद्ध प्रकरण न्यायालय में दर्ज किये गये है।
कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए. के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की निरंतर जांच कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

No comments:
Post a Comment