रेवांचल टाईम्स - कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश...
हितग्राहीमूलक योजनाओं में शत-प्रतिशत हितग्राहियों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 31 अक्टूबर 2022 तक अभियान चलाया जायेगा। उक्त अभियान का प्रमुख उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभांवित करना है। उक्त आशय के विचार आज जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक के समस्त जिला अधिकारियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए. ने व्यक्त किये।
बैठक में जिला अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि 17 सितंबर से 31 अक्टूबर 2022 तक उक्त अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी बैठक आयोजित कर अभियान की रूपरेखा से संबंधित कर्मचारियों को अवगत कराएं। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि दिनांक 17 सितंबर से 05 अक्टूबर 2022 तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में शासकीय योजनाओं से संबंधित पात्र हितग्राहियों से आवेदन लिए जायेंगे तथा उसके बाद पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए सभी जिला अधिकारियों से कहा कि लोकार्पण, भूमि पूजन, शिलान्यास आदि कार्यक्रमों में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित रहे। प्रोटोकॉल का उल्लंघन की दशा में संबंधित विभाग प्रमुख जिम्मेदार होंगे। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को वोटर कार्ड से आधार कार्ड लिंक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वोटर कार्ड को आधार कार्ड से लिंक करने के लिए अपने मोबाइल से ‘’वोटर हेल्प लाईन’’ एप डाउनलोड करें तथा संबंधित विभाग अपने-अपने कर्मचारियों का भी वोटर कार्ड से आधार कार्ड लिंक कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से ‘’गौरव दिवस’’ मनाये जाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
आयोजित बैठक में उन्होंने बाढ राहत कार्यो की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन स्थानों पर फसल सर्वे सहित अन्य सर्वे कार्य पूर्णं हो गये हैं उसके क्षति पत्रक तैयार कर प्रस्तुत करें। इसके साथ ही मकान, पशु क्षति आदि का वाचन तथा सूची चस्पा कार्य भी सुनिश्चित रहे। बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुदर्शन कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 07 सितंबर 2022 को कोविड-19 का महाटीकाकरण अभियान चलाया जायेगा। कलेक्टर द्वारा बूस्टर डोज लगाये जाने के संबंध में आवश्यक निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला टीकाकरण अधिकारी को दिए।
आयोजित बैठक की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुन: राज्य/ केन्द्र की फ्लेगशिप योजनाओं (हितग्राहीमूलक) की समीक्षा प्रारंभ की गयी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने विभाग अंतर्गत संचालित समस्त योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें। साथ ही यदि किसी योजना में प्रगति शत-प्रतिशत नही है तो योजना में पिछड़ने के कारणों का उल्लेख करते हुए विभाग प्रमुख को वस्तुस्थिति से पत्र के माध्यम से अवगत कराएं। आज आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने सीएम, सीएस मॉनिट, खाद्यान्न वितरण, बाढ़ राहत सर्वे कार्य, समझौता समाधान, असफल भुगतान सहित लंबित पत्रों की विभागवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
आज आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर आदित्य सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विवेक रघुवंशी, संयुक्त कलेक्टर आरबी सिण्डोस्कर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमति सोनम जैन, अनुविभागीय अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, अनुविभागीय अधिकारी अक्षय तेम्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment