Breaking

revanchal times new

मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता जारी, इंदौर सहित 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी



मध्य प्रदेश में मानसून की मेहरबानी जारी है। अलग-अलग इलाकों में बारिश हो रही है। तापमान में भी गिर रहा है। अलग-अलग बने तीन वेदर सिस्टम मौसम प्रभावित कर रहे हैं। अगले 24 घंटों के लिए भी मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी कर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम केंद्र की रिपोर्ट बता रही है कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा, जबलपुर, सागर, भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर तथा शहडोल संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। ब्यावरा में 18, जीरापुर, सांवेर में 10, मोमनबड़ोदिया, सोनकच्छ, देवास, रावटी, ओरछा में 9, भितरवार, राघौगढ़, नरसिंहगढ़ में 7, लिधौरा, सीहोरा, उमरियापान, राहतगढ़, टोंकखुर्द, गुलाबगंज में 6 सेमी तक पानी गिरा है।

अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान बता रहा है कि भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। इसके मुताबिक बालाघाट, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, खरगोन, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, दतिया एवं भिंड जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना बन रही है। वहीं इंदौर, उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल एवं सागर संभागों के जिलों में तथा छिंदवाड़ा एवं बालाघाट जिलों में कहीं वज्रपात की भी आशंका है।

मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो लगातार बारिश से तापमान में गिरावट जारी है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री के आसपास आ गया है। वहीं रात का पारा 20 के नीचे दर्ज किया गया। खरगोन में 19 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।


मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मध्य प्रदेश के मौसम पर तीन वेदर सिस्टम असर डाल रहे हैं, जिससे लगातार बारिश हो रही है। वर्तमान में गहरा कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम इलाके पर बना हुआ है। कोंकण में चक्रवात एक्टिव है। इस चक्रवात से लेकर उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर बने गहरे कम दबाव के क्षेत्र से होकर बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा से उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर बने गहरे कम दबाव के क्षेत्र से सतना, पेंड्रा रोड, झारसुगड़ा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। इन तीन सिस्टमों के असर से प्रदेश में नमी आ रही है, जिसके कारण बारिश हो रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post