रेवांचल टाईम्स:मध्यप्रदेश में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। सुबह 11 बजे तक 15% वोट पड़ चुके हैं। दूसरे चरण में 47 जिलों में 106 जनपद की 7655 ग्राम पंचायतों में वोटिंग है। 1 करोड़ 31 लाख 44 हजार 27 वोटर ‘गांव की सरकार’ चुनेंगे। दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी। फिर काउंटिंग शुरू हो जाएगी। पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। इस तरह मतदाता को 4 वोट डालने होंगे। अगर पोलिंग बूथ पर 3 बजे के बाद भी वोटर मौजूद रहेंगे, तो उन्हें टोकन दिए जाएंगे। मतदान के लिए 23 हजार 967 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 30 जून को ही मतदान दल पहुंच चुके हैं।
अनूपपुर में प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट
अनूपपुर में वोटिंग के दौरान मारपीट हो गई। दो प्रत्याशियों के समर्थकों में लाठी-डंडे चल गए। मामला जैतहरी जनपद की ग्राम पंचायत डोंगरटोला के अमिलिहा की है। देवहरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा शांत कराया।
भिंड में भाजपा के पूर्व विधायक नजरबंद
भिंड जनपद में भाजपा के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को पुलिस ने नजरबंद कर लिया है। शांतिपूर्ण मतदान को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उनकी पत्नी मिथलेश कुशवाह वार्ड क्रमांक 6 जवासा से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। इसी वार्ड के राजीव सिंह रिदौली और सभी वार्ड के लगभग एक दर्जन जिला पंचायत प्रत्याशियों व उनके परिजनों को नजरबंद किया गया है।
बुरहानपुर में बिजली का तार टूटकर गिरा
बुरहानपुर के तहसील मुख्यालय के मतदान केंद्र 222, 223 में बिजली का तार टूटकर गिर गया। इस दौरान यहां 200 से ज्यादा मतदाता थे। अच्छी बात यह है कि सभी घटनास्थल से दूर थे।
भिंड में वोटिंग के दौरान हवाई फायर
भिंड जनपद के रानी विरंगबा मतदान केंद्र के बाहर वोटिंग के दौरान सरपंच पद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। कई लोगों ने हवाई फायर भी किया। इस घटना में लाठी लगने से पांच लोग घायल हो गए। यहां स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। जिला कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं।
उधर, भिंड में के सुरपुरा में वोटिंग से पहले गोलियां चल गईं। बिजौरा गांव में पंचायत चुनाव के मतदान से एक दिन पहले एक प्रत्याशी के समर्थक रामदास सिंह भदौरिया के घर पहुंचे और वोट देने का दबाव डाला। इस पर कहासुनी हुई और प्रत्याशी समर्थकों ने फायरिंग कर दी। 16 साल की कोमल भदौरिया, उसके चाचा राजन सिंह भदौरिया गोली लगने से घायल हो गए।
रतलाम के सैलाना जनपद के गड़ावदिया ग्राम पंचायत से चुनाव लड़ रहा सरपंच प्रत्याशी धूलजी पटेल लापता हो गया। समर्थकों के वोटिंग रुकवाने की मांग पर अधिकारी गांव पहुंच हैं। प्रत्याशी गुरुवार रात से लापता है।
छतरपुर में प्रत्याशी के पति की गाड़ी पर पथराव, पैसे बांटने का आरोप
छतरपुर की भगवां जिला पंचायत में वोटिंग से पहले प्रत्याशी पति की गाड़ी पर पथराव हो गया। आरोप है कि वार्ड 21 की प्रत्याशी विद्यावती अग्निहोत्री के पति हरिओम अग्निहोत्री देर रात समर्थकों के साथ वोटर्स को पैसे बांट रहे थे। जिन लोगों को पैसे नहीं मिले, उन्होंने प्रत्याशी के पति की गाड़ी को घेरकर पथराव कर दिया।
जिन निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव, वहां आज छुट्टी
जिन निर्वाचन क्षेत्र में मतदान है, वहां पर शुक्रवार को सरकारी छुट्टी है। मतदान के तुरंत बाद मतदान केंद्र में ही काउंटिंग भी होगी। बता दें कि पहले चरण का मतदान 25 जून को हो चुका है। तीसरे चरण के लिए वोटिंग 8 जुलाई को होगी। पहले चरण में 115 जनपदों की कुल 8702 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो चुके हैं।

No comments:
Post a Comment