मण्डला 28 जुलाई 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान के
संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि विभिन्न
गतिविधियों के माध्यम से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। विभिन्न
गतिविधियों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को ’हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ने का प्रयास
करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम तथा सभी
विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपस
में समन्वय कर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए
वातावरण तैयार करें। सभी गतिविधियां तिरंगे की थीम पर आयोजित करें। प्रत्येक
कार्यालय, चिकित्सालय, पोस्ट ऑफिस, उचित मूल्य दुकान, बैंक सहित सभी संस्थाओं तथा
सार्वजनिक स्थानों पर अभियान से संबंधित फ्लैक्स-बैनर लगाए जाएं। साथ ही आमजनों को
राष्ट्रीय ध्वज संहिता के संबंध में भी जानकारी दी जाए। स्थानीय निकायों के वाहनों
में अभियान से संबंधित गाने तथा स्लोगन बजाए जाएं। स्थानीय भाषा में गाने तथा
स्लोगन बनवाएं। हर वार्ड के लिए एक प्रभारी नियुक्त करें तथा वार्ड स्तर तक थीम
आधारित प्रतियोगिता आयोजित करें। जिला शिक्षा अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में क्विज
प्रतियोगिता आयोजित करें। उन्होने सभी गतिविधियों के लिए मुनादी तथा व्यापक
प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। दिव्यांगजनों को भी इस अभियान से जोड़ें।
ऐतिहासिक स्थलों तथा नर्मदा नदी के किनारे भी ध्वज लगाने की योजना बनाएं।
जागरूकता के लिए होंगी ये
गतिविधियाँ
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए माहौल तैयार करने
के लिए 1 अगस्त को जिला तथा
विकासखंड मुख्यालय में साईकिल रैली का आयोजन करें। साईकिल रैली में अधिकारी, कर्मचारी,
स्वयंसेवी संगठन के प्रतिनिधि, जन अभियान परिषद, नेहरू युवा केन्द्र, खिलाड़ी, बैंकर्स, स्कूल तथा कॉलेज के
विद्यार्थी आदि की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साईकिल रैली के लिए उन्होंने वार्ड
स्तर पर भी रूट निर्धारित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि बड़ी
पंचायतों में भी साईकिल रैली का आयोजन किया जाए। साईकिल रैली के बाद शपथ दिलाई
जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि 2 अगस्त को पंचायत स्तर पर प्रभातफेरी का आयोजन किया जाए। इसी प्रकार 3 अगस्त को मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में जानकारी दी
जाए। 4 अगस्त को जिला मुख्यालय में मैराथन का आयोजन किया जाएगा। 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 6 अगस्त को वनग्राम तथा बैगा टोलाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए
जाएंगे। 9 अगस्त को आदिवासी दिवस के कार्यक्रम को भी तिरंगे की थीम
पर आयोजित करने का प्रयास करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि शासन की विभिन्न
योजनाओं के अधिकारियों को जानकारी देने के लिए 8 अगस्त से अभियान चलाएं। इस दौरान जो लोग ध्वज नहीं ले पा रहे हैं, उन्हें ध्वज भी वितरित करें।
जिले को संपूर्ण साक्षर बनाने
में सहभागी बनें
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि ’निरक्षरता आजादी अभियान’ के अंतर्गत बड़ी संख्या में
लोगों ने पढ़ना-लिखना सीखा है। जो लोग अब तक निरक्षर हैं उन्हें साक्षर बनाने के
लिए अक्षरमित्रों का चिन्हांकन करें। कलेक्टर ने कहा कि कॉलेज के प्रोफेसर, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयंसेवी कार्यकर्ता आदि को भी अक्षरमित्र के रूप में कार्य करने के लिए
प्रेरित करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों से आव्हान किया है कि वे अपने
परिवार तथा आस-पड़ोस के निरक्षर लोगों को अक्षरज्ञान कराकर जिले को संपूर्ण साक्षर
बनाने में सहभागी बनें।
प्रत्येक नागरिक ध्वज दान करने
आगे आएं
कलेक्टर ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान से प्रत्येक घर एवं आम नागरिक को जोड़ने के लिए जिलेवासियों से अपील की
है। उन्होंने अपने अपील में कहा है कि आजादी के 75वे वर्ष के अवसर पर मनाए जाने वाले इस राष्ट्रीय भावना से जुड़े कार्यक्रम में
प्रत्येक नागरिक अपनी तरफ से ध्वज दान करने आगे आएं। उन्होंने कहा कि जिले के कोई
भी व्यक्ति जो ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए
राष्ट्रीय ध्वज बनाकर दान करना चाहते हैं वे जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट रोड स्थित
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दान कर सकते हैं। इसी प्रकार पंचायत स्तर के
व्यक्ति संबंधित क्षेत्र के जनपद पंचायत में संपर्क कर निर्धारित स्थानों पर ध्वज
दान करने के लिए आगे आ सकते हैं। इसी प्रकार ’हर घर तिरंगा’ अभियान में अपनी ओर से ध्वज दान
सहित किसी भी प्रकार के सहयोग करने के इच्छुक व्यक्ति भी संबंधित क्षेत्र के जनपद
पंचायत या जिला मुख्यालय के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा सहायक आयुक्त
आदिवासी विकास के कार्यालय में संपर्क कर सकता है।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment