जगतसिंहपुर: ओडिशा में बीजू जनता दल के विधायक बिजय शंकर दास खुद की शादी के रजिस्ट्रेशन के लिए आना भूल गए. एक महीने पहले ही विधायक ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर इसके लिए आवेदन भी किया था. अब प्रेमिका की शिकायत पर विधायक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को जगतसिंहपुर के सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में तिरतोल निर्वाचन क्षेत्र के विधायक बिजय शंकर दास की शादी का रजिस्ट्रेशन होना था. प्रेमिका सोमालिका निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंच गई थीं, लेकिन न तो विधायक और न ही उनके परिवार का कोई सदस्य वहां आया. करीब तीन घंटे इंतजार करने के बाद निराश सोमालिका को रजिस्ट्रार ऑफिस से जाना पड़ा.
युवती ने विधायक पर आरोप लगाया है कि वादा करने के बावजूद वह शुक्रवार को विवाह पंजीयक के कार्यालय में नहीं आए. इस संबंध में विधायक और उनके परिजनों के खिलाफ शहर के सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.

No comments:
Post a Comment