रेवांचल टाईम्स - मण्डला नेशनल हाईवे 30 में मंडला जबलपुर मार्ग में ग्राम तिंदनी के नजदीक एक खड़े ट्राले से पहले एक बस की टक्कर हुई, उसके बाद बस के पीछे एक छोटा मालवाहक टकरा गया। इस हादसे में 8 लोगों को चोट आई है, जिन्हें ईलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम तिंदनी के पास नेशनल हाइवे 30 में अंधे मोड़ पर एक ट्राला क्रमांक आरजे 29 जी 6142 लापरवाहीपूर्वक खड़ा कर दिया था, जिससे जबलपुर से मंडला की ओर आ रही बस क्रमांक एमपी 20 पीए 0689 टकरा गई, इसके साथ ही बस के पीछे से आ रहा छोटा
मालवाहक वाहन क्रमांक एमपी 20 जीबी 0608 बस से टकरा गया। इस टक्कर में बस के कंडक्टर, मालवाहक वाहन चालक एवं बस यात्रियों सहित लोगों को चोट आई हैं। बताया गया कि चलती हुई बस के अचानक टकरा जाने से यात्री स्वयं को संभाल नही पाए और सामने की सीट से टकरा जाने से ज्यादातर घायलों के सिर, चेहरे एवं हाथों में चोट आई हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेश मिश्रा दुर्घटनास्थल के नजदीक ही मौजूद थे, जैसे ही उन्हें बस दुर्घटना की जानकारी लगी वे तुरंत ही मौके पर पहुंच गए और घायलों को तुरंत अस्पताल रवाना किया।


No comments:
Post a Comment