भोपाल. भोपाल के अशोका गार्डन थाना इलाके में एक चेक क्लोनिंग का मामला सामने आया है। जालसाजों ने पांच हजार रुपए के चेक को 1.87 लाख रुपए का बनाकर उसे कैश करा लिया। कंपनी मालिक ने स्टेटमेंट देखा तो फर्जीवाड़े का पता चला। पुलिस ने महिला समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी,कूट रचित दस्तावेज तैयार करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि सेबी सिंह (24) का रमा आर्केड पंजाबी बाग में टीवीएस कंपनी का शोरूम है। 8 नवंबर, 2021 को उनके शोरूम पर विकास शर्मा नाम का लड़का आया। उसने कहा कि उसे एक गाड़ी खरीदनी है। पांच हजार रुपए जमा कर बुकिंग कर रहा हूं। शोरूम की ओर से उसे पांच हजार रुपए की रसीद दी गई। करीब 15 दिन बाद विकास फिर से शोरूम पहुंचा । उसने कहा कि मेरी आर्थिक स्थिति फिलहाल ठीक नहीं है। अभी वाहन नहीं खरीद सकता। आप मेरे पैसे लौटा दीजिए। इस पर शोरूम की ओर से उसे पांच हजार रुपए का एक अकाउंट पेयी चेक दिया। कुछ दिन बाद जब वाहन मालिक ने अपना स्टेट मेंट चेक किया, तो उसमें 1 लाख 87 हजार निकाल लिए गए थे।
बैरागढ़ बैंक की शाखा से कैश कराया चैक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि करीब 15 दिन पहले चेक बैरागढ़ बैंक की शाखा के ड्राप बाक्स में डाला गया था। जिस पर 1.87 लाख रुपए लिखे थे और चेक पर विकास की जगह ज्योति तिवारी का नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने जांच में पाया कि ज्योति तिवारी नाम की महिला का खाता इंदौर में है, जिसके खाते में रकम ट्रांसफर हुई है। पुलिस विकास के पते पर पहुंची तो वह भी फर्जी पाया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
No comments:
Post a Comment