मण्डला 3 दिसम्बर 2021
रोगी कल्याण समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय में कार्यरत् चिकित्सकों का ड्यूटीचार्ट उनके मोबाईल नंबर सहित परिसर के सूचनापटल पर चस्पा करते हुए उसे सार्वजनिक करें। सुनिश्चित करें सभी डॉक्टर निर्धारित समय पर अपने कर्तव्य पर उपस्थित हों तथा पूरी क्षमता से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय की पेथोलॉजी से मरीजों को निर्धारित सभी 145 प्रकार के टेस्ट की सुविधा प्रदान करें। जिला चिकित्सालय भर्ती मरीजों की जानकारी प्रवेश द्वार अथवा पंजीयन सेंटर पर प्रदर्शित करें। इसी प्रकार बिस्तरों पर मरीजों के नाम भी अंकित करें।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि ऑक्सीजन प्लांट की सतत मॉनिटरिंग करें। फायरसेफ्टी से संबंधित टीम बुलाकर जिला चिकित्सालय की जांच कराएं, कमी पाए जाने पर सुधारात्मक कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली सोनोग्राफी मशीन खरीदी के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। अस्पताल भवन का रख-रखाव पर ध्यान दें। प्रत्येक वार्ड में पानी की समुचित सुविधा सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यपालन यंत्री पीएचई को पानी की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय के भवन में सीपेज रोकने की कार्यवाही करें। चिकित्सकों की कमी तथा सोनोग्राफी के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को विस्तृत पत्र लिखें। आवश्यकतानुसार दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एम्बूलेंस तथा शव वाहन का किराया नहीं बढ़ाएं। कलेक्टर ने कहा कि वर्न यूनिट, ट्रामा सेंटर, स्टोर तथा केन्टीन बनाए जाने के संबंध में तकनीकि अधिकारी निरीक्षण कर कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए भी रूकने की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखें। इस संबंध में विशेषज्ञों की सलाह लेकर मीनू निर्धारित करें। कोविड टेस्ट की संख्या बढ़ाएं। कलेक्टर ने एनआरसी में भर्ती बच्चों की संख्या के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह, कार्यपालन यंत्री पीआईयू जीपी पटले, कार्यपालन यंत्री पीएचई एएस कुशरे, सिविल सर्जन डॉ. कृपाराम शाक्य, अशासकीय सदस्य संजय तिवारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।
Tags
collector
collector-mandla
collectorate
District Mandla
mandla
Mandla City
pro madhyapradesh
pro mandla