रेवांचल टाईम्स - आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के भुआ बिछिया जनपद के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कटंगामाल के उपसरपंच योगेश यादव के द्वारा मध्यप्रदेश पंचायती राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम की धाराओं का उल्लंघन करते हुए अपनी पत्नी का नाम एक ही समय में ग्राम पंचायत और नगर परिषद की सूची में जुड़वाया गया था । एक साथ दोनों जगह नाम होने के बाद नगर परिषद से शौचालय का लाभ योगेश यादव द्वारा अपनी पत्नी के नाम से ले लिया गया इसके साथ अपने पिता और भाई के नाम से भी शौचालय का लाभ लिया गया है । ऐसा करना पंचायती राज अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत उल्लंघन की श्रेणी में आता है । और ऐसी स्थिति में 6 वर्ष के लिए अयोग्य घोषित कर पद से पृथक करने की कार्यवाई का प्रावधान भी है किंतु आज तक उक्त व्यक्ति पर कार्यवाई नही हुई ।
मॉडल स्कूल की ज़मीन में कब्जा कर बना लिया पक्का मकान
बिछिया स्थित मॉडल स्कूल को आवंटित जगह में उपसरपंच योगेश यादव द्वारा पक्का मकान बना कर कब्जा कर लिया गया है । एक तरफ सरकार अवैध रूप से शासकीय भूमि में कब्जा करने वालों पर सख़्त कार्यवाई कर रही है वही दूसरी और अपने आप को भाजयुमो का मंडल बिछिया उपाध्यक्ष बताने वाला ग्राम कटंगामाल का उपसरपंच अपने राजनैतिक रसूख का इस्तेमाल करते हुए उस पर होने वाली जाँच को प्रभावित कर रहा है और लगातार शासकीय भूमि में अवैध कब्जा कर रहा है ।
स्वयं करता है पंचायत के निर्माण कार्य
योगेश यादव द्वारा ग्राम पंचायत के समस्त निर्माण कार्यों में हस्तक्षेप किया जाता है । लगभग सारे निर्माण कार्य खुद किये जाते हैं और गुणवत्ताहीन कार्य कर अच्छी खासी रकम का बंटरबाँट किया जाता है । जानकारी के मुताबिक योगेश यादव के द्वारा पास की ही ग्राम पंचायत नेवसा बहेरा के सरपंच की प्रोपराइटरशिप वाली बिल बुक से बिना जीएसटी वाले बिल काटकर लाखों के भुगतान करवा लिए गए हैं । ऐसे प्रकरणों में बाहर से टीम बुलाकर जाँच की जानी चाहिए तभी निष्पक्षता से जाँच और कार्यवाई हो पाएगी ।
जनपद से लेकर राज्य निर्वाचन आयोग तक हुई शिकायत पर कोई कार्यवाई नहीं
जनपद पंचायत बिछिया, ज़िला पंचायत मण्डला सहित कई जगह उक्त प्रकरण की लिखित शिकायत सम्पूर्ण दस्तावेजों के साथ की जा चुकी है किंतु अभी तक किसी प्रकार की कोई ठोस कार्यवाई नही की गई है । अपने आपको भाजपा का नेता बताने वाला उपसरपंच लगातार पार्टी की छवि भी धूमिल कर रहा है ।
किराना दुकान में बेचता है अवैध शराब और पेट्रोल.
उपसरपंच योगेश यादव बिछिया के वार्ड क्रमांक 14 में एक किराने की दुकान का संचालन भी करता है और इस दुकान में धड़ल्ले से शराब और पेट्रोल का विक्रय इसके द्वारा पिछले कई वर्षों से किया जा रहा है ।
उपसरपंच के खिलाफ भादवि की कई धाराओं के तहत हैं मामले पंजीबद्ध
उपसरपंच योगेश यादव के ऊपर भादवि की कई धाराओं के अंतर्गत बिछिया थाने में मामले पंजीबद्ध है और यह व्यक्ति आपराधिक प्रवत्ति का भी है ।
ऐसे व्यक्तियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए
अवैध कब्जे, अवैध शराब और पेट्रोल विक्रय, भृष्टाचारी सागर में डुबकी मार रहे ऐसे व्यक्ति को पार्टी द्वारा निष्काषित कर देना चाहिए क्योंकि ऐसे लोग पार्टी और बड़े नेताओं की छवि खराब करने का काम करते हैं ।
No comments:
Post a Comment