धार: मध्य प्रदेश के धार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया.मजदूरों के पिकअप वाहन और सीमेंट से भरे ट्रक की भिड़ंत में 3 लोगों की मौत हो गई. अन्य 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.जानकारी के मुताबिक 2 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ा. हादसा अमझेरा के मनावर रोड पर अमका झमका माता मंदिर के पास हुआ है.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अमझरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. साथ ही घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.दुर्घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया.
सरदारपुर एसडीओपी राम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पिकअप वाहन में मजदूर भरे हुए थे, जो सोयाबीन कटाई के लिए जा रहे थे. सभी मजदूर पिकअप के ऊपर बैठे हुए थे. तभी अमका झमका माता मंदिर के पास सीमेंट से भरे हुए ट्रक और पिकअप वाहन की टक्कर हो गई. जिससे मजदूर नीचे गिर गए और ट्रक की चपेट में आने से 2 की मौत हो गई. जबकि पिकअप वाहन से नीचे गिरने के कारण 5 मजदूर घायल हो गए.

No comments:
Post a Comment