रेवांचल टाइम्स :- गणेश चतुर्थी महापर्व से पहले नैनपुर के बाजारों में भारी रौनक देखने को मिल रही है। नगर में मूर्तियों की दुकानें सज चुकी हैं और लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं भगवान गणेश जी की मूर्तियों की एडवांस बुकिंग भी शुरु हो गई है।
गणपति जी की मूर्ति लेने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्हें गणेश चतुर्थी के त्योहार का बड़ी बेसब्री से इंतजार रहता है। उन्हें उम्मीद है कि इस बार यह त्योहार अच्छे से मनाया जाएगा। वहीं शहर के लोग देश दुनिया में फैली कोरोना महामारी के प्रति भी जागृत नजर आए। उन्होंने कहा कि वह जिला कलेक्टर द्वारा दी गई कोविड-19 गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करेंगे।
बता दें कि, गणेश चतुर्थी भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाई जाती है। यह त्यौहार देश के हर कोने में बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन घर में गणेश जी की मूर्ति की स्थापना की जाती है और तकरीबन 10 दिनों तक यह पूजन लगातार चलता है।
10 दिन तक चलने वाले इस पर्व में गणपति बप्पा को तरह-तरह के भोग लगाए जाते हैं। इस दिन गणपति बप्पा की खास पूजा भी की जाती है। वहीं गणेश उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
गणेश चतुर्थी का उत्सव इस वर्ष 10 सितंबर से शुरू होने वाला है। इस दिन लोग अपने घर में गणपति की स्थापना करेंगे।
गणेश चतुर्थी को लेकर नैनपुर नगर के बाजारों में भी काफी धूम देखने को मिल रही है। नगर के कई व्यापारियों ने नगर के मुख्य सड़कों पर भगवान गणेश की मूर्तियों को सजाया है, एवं भारी संख्या में भक्तगण भगवान गणेश की मूर्ति को घर ले जाने पहुंच रहे हैं। नगर में गणेश चतुर्थी को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है एवं बाजारों में रौनक बढ़ गई है। गौरतलब है कि 10 सितंबर को गणेश चतुर्थी का पर्व प्रारंभ होगा एवं लगभग 10 दिनों तक यह पर्व चलेगा और फिर हवन भंडारे के सांथ धूमधाम से नगर में गणेश भगवान की प्रतिमा का चकोर नदी में विसर्जन किया जाएगा।
नैनपुर नगर में हर साल गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया जाता है। इस वर्ष कोरोना गाइडलाइंस का विशेष ध्यान रखते हुए यह पर्व मनाया जाएगा एवं भगवान गणेश के भक्त यही प्रार्थना कर रहे हैं की कोरोना जैसी घातक महामारी जैसा संकट कभी देश में दोबारा ना आए।
✒️ नैनपुर रेवांचल टाइम्स से शालू अली की रिपोर्ट ✒️

No comments:
Post a Comment