रेवांचल टाइम्स - बालाघाट मध्यप्रदेश अधिकारी, कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की विभिन्न मांगो को लेकर मोर्चा एक माह तक चरणबद्व आंदोलन चलायेगा। जिसकी शुरूआत 28 सितंबर से होगी, जो पूरे एक माह अर्थात 28 अक्टूबर तक चलेगा। यह जानकारी संयुक्त मोर्चा जिलाध्यक्ष सजल मस्की ने जारी बयान में दी।
जिलाध्यक्ष सजल मस्की ने बताया कि महंगाई भत्ता, वेतन वृद्धि और पदोन्नति की प्रमुख मांगो को लेकर संयुक्त मोर्चा द्वारा लगातार सरकार से विभिन्न माध्यमों से मांगो को पूरी करने का निवेदन कर रहा है, जिसको लेकर संयुक्त मोर्चा के आव्हान पर एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर शासन के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से ध्यानाकर्षण करवाने का लगातार प्रयास किया गया लेकिन सरकार के रवैये से लगता है कि सरकार प्रदेश के अधिकारी, कर्मचारियों की मांगो को लेकर गंभीर नहीं है, जिसके चलते संयुक्त मोर्चा की बैठक गत 18 सितंबर में भोपाल के कर्मचारी भवन में आयोजित की गई थी। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश सरकार को अधिकारी, कर्मचारियों की मांगो के प्रति ध्यानाकर्षण करवाने और सरकार से मांग मनवाने को लेकर संयुक्त मोर्चा पूरे एक माह चरणबद्व आंदोलन करेगा। जिसके तहत 28 सितंबर को सभी तहसीलस्तर पर मुख्यमंत्री एवं विधायकों के नाम ज्ञापन, 8 अक्टूबर को जिलास्तर पर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन, 22 अक्टूबर को एकदिवसीय धरना प्रदर्शन और 28 को सामूहिक अवकाश लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल जैसे चरणबद्व आंदोलन किये जायेंगे।
जिलाध्यक्ष सजल मस्की ने बताया कि प्रमुख मांगो के अलावा आंदोलन में सातवे वेतनमान अनुसार गृहभाड़ा भत्ता, दैनिक वेतनभोगी, संविदा कर्मचारी, आउटसोर्स कर्मचारी की मांग, अनुकंपा नियुक्ति में सरलीकरण सहित पुरानी पेंशन लागु किये जाने की मांग भी रखी गई है।
रेवांचल टाइम्स लांजी, बालाघाट से खेमराज सिंह बनाफरे

No comments:
Post a Comment