रेवांचल टाईम्स –सांसद ढालसिंह बिसेन का प्रयास रंग लाया तो सिवनी जिले में जल्द ही इलेक्ट्रिक व्हीकल में उपयोग होने वाली लीथियम बैटरी का निर्माण होगा । जिले में बैटरी प्लांट ( उद्योग ) स्थापित करने के लिए उद्यमियों ने केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे से मुलाकात कर अपना प्रपोजल उनके सामने रखा है । केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करने वाले उद्यमियों में सिवनी जिले के उद्यमी विजय नंदन भी शामिल हैं । सिवनी - बालाघाट जिले से भाजपा सांसद ढालसिंह बिसेन के अगुवाई में युवा उद्यमी विजय नंदन और उनके सहयोगी इन्वेस्टर दुर्गेश तिवारी ने 12 अगस्त को नईदिल्ली में केंद्रीय मंत्री के समक्ष बैटरी प्लांट स्थापित करने को लेकर अपनी कार्ययोजना रखी । केंद्र सरकार की योजना पर होगा काम दरअसल , केंद्र सरकार देशभर में 10 लीथियम बैटरी प्लांट स्थापित करने जा रही है , ताकि इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए लीथियम बैटरी विदेशों से आयात ना करना पड़े । योजना के तहत 12 सौ करोड़ रुपए की लागत से स्थापित प्लांट पर केंद्र सरकार 40 फीसदी तक का अनुदान मुहैया कराएगी । सांसद बिसेन से इस योजना की जानकारी मिलने पर कुछ उद्यमियों ने मप्र के सिवनी जिले में प्लांट स्थापित करने की मंशाजाहिर की है । जानकारी है कि लीथियम बैटरी का डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर महाराष्ट्र के नागपुर शहर में बनाया जाना है , इसलिए उद्यमियों ने सिवनी जिले को प्लांट स्थापित करने के लिए उपयुक्त जिला माना है ।
सरकार देगी प्लांट के लिए जमीन
केंद्रीय मंत्री ने उद्यमियों को उक्त योजना की जानकारी देते हुए बताया है कि प्लांट स्थापित करने के लिए सरकार लीज पर 10 एकड़ जमीन देगी । साथ ही बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने में भी सरकार सहयोग प्रदान करेगी । इसे लेकर फिलहाल प्राथमिक स्तर पर कार्य चल रहा है , जल्द ही विभागीय स्तर पर इसकी गाइड लाइन जारी की जाएगी । केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री की मंशा है की आने वाले समय में भारत को प्रदूषण मुक्त करने के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल को बढ़ावा देना है , इसलिए लीथियम बैटरी का निर्माण भारत में प्रारंभ किया जाना है ।
इनका कहना है
सिवनी जिले में लीथियम बैटरी उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों ने केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री से मुलाकात की है । सिवनी के उद्यमी विजय नंदन ने अपना प्रपोजल केंद्रीय मंत्री के सामने रखा है । हमारा भी प्रयास है कि सिवनी जिले में उद्योग स्थापित हो ।
ढालसिंह बिसेन ,
सिवनी - बालाघाट सांसद
विनोद दुबे के साथ रेवांचल टाईम्स की रिपोर्ट

No comments:
Post a Comment