रेवांचल टाईम्स - डिंडोरी जिले के अंतर्गत आने वाले गाड़ासरई थाना के ग्राम गोरखपुर में कुँए के अंदर पानी में 6 वर्ष की बच्ची की तैरती लाश दिखने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मासूम शुक्रवार की शाम से गुम थी। जिसके परिजनों की शिकायत पर गाडासरई पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज किया था। जानकारी के मुताबिक शिव कुमार यादव निवासी गोरखपुर ने शुक्रवार की शाम पुलिस को बतलाया था कि वह और उसकी पत्नी शुक्रवार की सुबह मजदूरी करने गए थे। इस दौरान उनकी बेटी घर पर अकेली थी। शाम को यादव दंपत्ति मजदूरी करके घर पहुंचे तो उनकी बेटी घर से नदारत मिली। किसी आशंका के मद्देनजर
शिवकुमार ने गाड़ासरई थाना में अपहरण की धारा 363 के तहत मामला दर्ज करवाया था। खोजबीन के दौरान शनिवार की दोपहर मासूम की लाश घर के करीब कुएं में उत राती मिली है। सूचना प्राप्त होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत बच्ची का शव बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेजा है। वहीं पुलिस बच्ची की मौत से जुड़े सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।

No comments:
Post a Comment