रेवांचल टाइम्स मण्डला 21 नवम्बर 2020 देश एवं प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, भीष्म द्विवेदी तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। वीसी में राज्यमंत्री कुलस्ते ने कहा कि मड़ई-मेले के मद्देनजर कोरोना संक्रमण से बचने सभी जिलेवासी मॉस्क एवं सोशल डिस्टेसिंग का कड़ाई से पालन करें। कोरोना का संकट अभी टला नहीं है। हम सभी को इससे बचने लगातार सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने मड़ई-मेले में अनाउंसमेंट के माध्यम से मॉस्क के उपयोग एवं सोशल डिस्टेसिंग के पालन की जानकारी देने के निर्देश दिए।
कुलस्ते ने वीसी में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था, जरूरी इंतजाम, जांच किट की उपलब्धता तथा प्रतिदिन लिए जा रहे सेम्पलों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर लगातार मुनादी करते हुए मॉस्क, रूमाल या गमछे का उपयोग, सोशल डिस्टेसिंग का पालन, लगातार हाथ धोने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की समझाईश देते रहें। वीसी में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने अधीनस्थ क्षेत्र में शीघ्र बैठकें कर कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शासन से जारी नए दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रसारित करें। उन्होंने नगरीय निकायों एवं मैदानी अधिकारियों को प्रमुख सड़कों, हाट-बाजार एवं मड़ई-मेलों में अनाउंसमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं एवं एनजीओ का सहयोग लेकर मड़ई-मेले एवं हाट-बाजारों में मॉस्क वितरण को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि शादी एवं अन्य सामूहिक कार्यक्रमों के लिए संबंधित एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसी प्रकार सामूहिक कार्यक्रमांे में 100 से अधिक व्यक्तियों की संख्या प्रतिबंधित रहेगी। श्रीमती सिंह ने एसडीएम नैनपुर को नैनपुर क्षेत्र में कोरोना संक्रमण की स्थिति पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक होने पर जरूरी कार्ययोजना तैयार करने एवं कंटेनमेंट जोन संबंधी आदेश जारी करने की बात कही। उन्हांेने दुकानों में 5 लोगों की सोशल डिस्टेसिंग के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम एवं नगरीय स्तर पर कोरोना लक्षण आधारित मामलों की जांच के लिए टीम को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी श्री राजपूत ने नगरीय एवं पंचायत स्तर पर मॉस्क का उपयोग नहीं करने वाले पर चालानी कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही। इसी प्रकार उन्होंने कहा कि मड़ई में लगातार अनाउंसमेंट जारी कर कोरोना संक्रमण एवं उससे बचाव की जानकारी प्रदान की जाए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने ब्लॉक स्तर पर कोरोना संक्रमण को रोकने की जा रही कार्यवाही की जानकारी दी। इसी प्रकार मंडला एसडीएम सहित सभी एसडीएम ने अपने-अपने क्षेत्र में पैदल मार्च, अनाउंसमेंट तथा चालानी कार्यवाही संबंधी जानकारी दी। बैठक में जनप्रतिनिधियों से जिले को कोरोना के खतरे से बचाने एवं व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए सुझाव भी मांगे गए।

No comments:
Post a Comment