रेवांचल टाइम्स - बिछिया वर्तमान में समय मे यूरिया - खाद की माँग चरम पर है लेकिन आपूर्ति नही हो पा रही है किसान यहाँ-वहाँ भटक रहे हैं वही दूसरी तरफ सरकार द्वारा निर्धारित रेट होने के वावजूद यूरिया/खाद के रेट प्राइवेट दुकानदारों ने अनाब-शनाब बढ़ा कर रखे हैं । 266 से 300 रुपये मूल्य की यूरिया की एक बोरी 500 से 600 रुपये तक में बेची जा रही है । कृषकों द्वारा इसकी शिकायत कृषि विभाग के उप संचालक के पास की गई और इसी सूचना के आधार पर आज दिनाँक 3 सितंबर को मण्डला ज़िले के कृषि विभाग के उप संचालक एस. एस. मरावी, तहसीलदार महोदय बिछिया के.सी. सिंहसार, कृषि विस्तार अधिकारी बिछिया मुकेश कुलस्ते , बिछिया पटवारी हम्मीलाल धुरवे द्वारा संयुक्त टीम बनाकर छापामार कार्यवाई की गई । जिसमें भारी मात्रा में बिना लाइसेंस बेची जा रही खाद , यूरिया, धान बीच, केमिकल युक्त दवाईयां, कीटनाशक, खरपतवार नाशक आदि ज़ब्त किये गए ।
नियमानुसार कार्यवाई के बाद ज़ब्त सामग्री को सहकारी समिति के सुपुर्द किया गया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यूरिया/खाद की कालाबाज़ारी को रोकने के लिए कृषि विभाग की टीम के द्वारा लगातार कृषकों को जागरूक किया जा रहा है और कालाबाज़ारी की सूचना मिलने पर छापामार कार्यवाई भी की जा रही है । बिना लाइसेंस और नियम के विरुद्ध कई व्यापारी धान-बीज, सब्ज़ी बीज, केमिकल युक्त दवाइयां, DAP, यूरिया, खाद आदि का विक्रय कर रहे हैं । और बिछिया के वेयर हाउस स्थित एक किराना की दुकान में भी उक्त चीज़े धड़ल्ले से विक्रय की जा रही थी और विक्रय मूल्य भी 2 से 3 गुना वसूला जा रहा था । कृषकों द्वारा इस विषय को लेकर शिकायत की गई जिसके बाद यह बड़ी कार्यवाई कृषि विभाग और राजस्व अमले के द्वारा संयुक्त रूप से की गई । इसके बाद टीम द्वारा मंगली-भीमडोंगरी में भी सूचना के आधार पर जाँच की गई जहाँ 2 किराना व्यापारियों द्वारा भी अवैध रूप से यूरिया अधिक दामों में विक्रय किया जाना पाया गया ।
उक्त समस्त सामग्री की जब्ती बनाकर समिति को सुपुर्दगी कर दी गई है एवं कार्यवाई की जा रही है ।
इनका कहना
हम लगातार खाद और यूरिया की कालाबाज़ारी को रोकने के लिए काम कर रहे हैं । किसी भी कृषक का नुकसान न हो और उसे उचित दाम पर सभी चीज़े उपलब्ध हों ऐसा हमारा प्रयास है और हम लगातार कृषकों के हित के लिए कार्य कर रहे हैं -
मुकेश कुलस्ते
(कृषि विस्तार अधिकारी बिछिया)


No comments:
Post a Comment