कार्यवाही नहीं हुई तो जन संघर्ष मोर्चा करेगा थाने का घेराव!
भुआबिछिया
रेवांचल टाइम्स - सामाजिक कार्यकर्ता विवेक पवार के नेतृत्व में आज जन संघर्ष मोर्चा और बिछिया विकास मंच के सदस्यों द्वारा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के साथ ही बिछिया थाने में पदस्थ एएसआई कुंवर बिसेन के भ्रष्टाचार और कोरोना पीड़ित परिवार से अभद्र व्यवहार के प्रमाण स्वरूप 3 वीडियो क्लिपिंग की सीडी भी सौंपी गई है।
ज्ञापन में जानकारी दी गई है कि उमरवाड़ा निवासी वाहन चालक संजू मरकाम से एएसआई द्वारा दुर्घटना प्रकरण कायम ना करने के बहाने 3 हजार की रिश्वत ली गई। हाल ही में बिसेन ए एस आई द्वारा कोरोना संक्रमण से पीड़ित वार्ड नंबर 14 बिछिया के निवासी गणेश विश्वकर्मा के परिवार के साथ सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार किया गया है। इसके अतिरिक्त एक और तीसरी घटना में उक्त एएसआई द्वारा आदिवासी महिला मंजू पति सुशील मसराम निवासी वार्ड क्रमांक 2, चर्राटोला बिछिया से 18000, 5000 और 3000 इस तरह से कुल 26000 की रिश्वत ली है। इस महिला ने यह भी कहा है कि एएसआई दोबारा ₹6000 की रिश्वत मांग रहें है।
इन घटनाओं के साक्ष्य स्वरूप ज्ञापन के साथ पुलिस प्रशासन को वीडियो क्लिपिंग की सीडी भी सौंपी गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता और जन संघर्ष मोर्चा के संयोजक विवेक पवार ने कहा है कि मंडला जिले में पुलिस का यह चेहरा और चरित्र धीरे–धीरे आम होता जा रहा है। किसी भी गरिमामयी_समाज में ऐसी पुलिस व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है? घटनाओं से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया और एक स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक चैनल पर वायरल होने के बाद दोषी पुलिस अधिकारी पर विधिसंगत कार्यवाही ना होने से जनसामान्य में संदेश यही जा रहा है कि भविष्य में भी पुलिस में ऐसा ही चाल चलन पसंद किया जाता रहेगा।
ज्ञापन में दोषी पुलिस अधिकारी पर विधिसंगत दंडात्मक कार्यवाही की मांग करते हुए कहा गया है कि ये घटनाएं पुलिस प्रशासन की गरिमा और भरोसे को भी आहत करती हैं।


No comments:
Post a Comment