Breaking

revanchal times new

बीमारी, इलाज से मौत तक... यूं इरफान खान और ऋषि कपूर बीच दिखा अजब संयोग

मुंबई  कोरोना संकट के बीच बॉलीवुड जगत ने महज दो दिन के भीतर अपने दो बड़े सितारों को खो दिया है। एक्टर इरफान खान के बाद आज दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया। इरफान के निधन के एक दिन बाद ही मुंबई के अस्पताल में अभिनेता ऋषि कपूर ने अंतिम सांस ली। 67 वर्षीय ऋषि कपूर को खराब तबीयत के चलते बुधवार रात एचएन रिलाइंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इरफान खान और ऋषि कपूर का निधन महज 24 घंटे के अंतराल में हुआ है। यह महज एक तरह से संयोग ही है कि बीमारी से लेकर मौत और कैंसर के इलाज तक में उन दोनों के बीच काफी समानताएं देखी गईं। दरअसल, ऋषि कपूर और इरफान खान का एक दिन के अंतराल पर निधन कई मायनों में एक अजीब संयोग ही है। दोनों दिग्गज अभिनेताओं की मौत कैंसर की वजह से हुई है। यहां ध्यान देने वाली बात है कि ऋषि  कपूर और इरफान खान दोनों को कैंसर हुआ था और साल 2018 में विदेश जाकर इस
का इलाज करवाया था। ऋषि कपूर जहां अमेरिका के न्यूयॉर्क से कैंसर का इलाज करवा कर साल 2019 के सितंबर में इंडिया लौटे थे, वहीं लंदन से इलाज करवा कर इरफान खान फरवरी 2019 में भारत आए थे। इसके बाद ही उन्होंने अंग्रेजी मीडियम की शूटिंग की थी। कैंसर के इलाज के बाद भी ये संयोग ही था कि साल 2019 में इलाज के बाद दोनों इंडिया वापस आए थे और आज यह  ऐसी विडंबना रही कि महज 24 घंटे के भीतर ही दोनों ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। ऋषि कपूर कैंसर के इलाज के दौरान न्यूयॉर्क में करीब 11 महीने तक रहे थे। इस दौरान उनकी पत्नी नीतू कपूर भी साथ थीं।
गुरुवार को ऋषि कपूर का निधन
67 वर्षीय ऋषि कपूर को मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साल 2018 में ऋषि कपूर को पहली बार कैंसर का पता चला था, जिसके बाद अभिनेता लगभग एक साल तक न्यूयॉर्क में रहे थे। वह ठीक होने के बाद सितंबर 2019 में भारत लौटे हैं। भारत में वापसी के बाद भी कपूर का स्वास्थ्य अक्सर ध्यान में रहा है। अभिनेता को फरवरी में त्वरित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके स्वास्थ्य के बारे में अटकलों के बीच जब वह दिल्ली दौरे पर थे तब उन्हें फरवरी की शुरुआत में यहां के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 
बुधवार को इरफान का निधन
अभिनेता इरफान खान 54 साल के थे और लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रहे थे। इरफान को मलाशय संक्रमण के कारण मंगलवार को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उन्हें 2018 में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर हुआ था। उनके परिवार में पत्नी सुतापा और दो बेटे बाबिल और अयान हैं। इरफान की मां का चार दिन पहले ही जयपुर में निधन हुआ था। वे लॉकडाउन के कारण अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new