Breaking

revanchal times new

पवित्र नगरी का दर्जा कागजों में, नर्मदा के तटों पर छलक रहे जाम!

किराना दुकान, अंडा सेंटर, पान ठेले और ढाबे तक बने शराबखोरी के अघोषित अड्डे; त्रिवेणी संगम से सहस्त्रधारा तक खुलेआम नशाखोरी, पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका संदेह के घेरे में।

दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला।माँ नर्मदा की पवित्र धारा, धार्मिक आस्था का केंद्र और पवित्र नगरी का दर्जा प्राप्त मंडला। यहां श्रद्धालु शांति, श्रद्धा और आध्यात्मिक अनुभूति की तलाश में पहुंचते हैं, लेकिन इसी पावन नगरी की तस्वीर का दूसरा पहलू बेहद चिंताजनक है। नर्मदा के घाटों से लेकर त्रिवेणी संगम और सहस्त्रधारा तक शराबखोरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। हालात ऐसे बताए जा रहे हैं कि शाम ढलते ही किराना दुकानों, अंडा सेंटरों, पान दुकानों और ढाबों में शराब की उपलब्धता और सेवन का खुला खेल शुरू हो जाता है। नर्मदा के किनारे बैठकर जाम छलकाने वालों को न किसी कार्रवाई का भय नजर आता है और न ही कानून का।

सबसे गंभीर सवाल यह है कि जब मंडला को पवित्र नगरी का दर्जा दिया गया है और धार्मिक स्थलों के आसपास शराब की बिक्री एवं सेवन को लेकर प्रतिबंधात्मक व्यवस्था लागू है, तो फिर इस व्यवस्था का पालन कौन करवा रहा है? क्या सरकारी आदेश केवल कागजों की शोभा बढ़ाने के लिए हैं? क्या जिम्मेदार विभागों ने अपनी आंखें मूंद रखी हैं?

संगम किनारे शराब की खाली बोतलें, व्यवस्था की खुलती पोल!

त्रिवेणी संगम जैसे धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थल पर निर्माणाधीन पुल के नीचे और आसपास देशी-विदेशी शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास और नमकीन के पैकेट बिखरे मिलना सामान्य गंदगी का मामला नहीं है। यह उस व्यवस्था पर सीधा सवाल है, जिसके जिम्मे धार्मिक स्थलों की गरिमा और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बनाए रखना है।

जब किसी स्थान पर लगातार शराब की बोतलें और नशाखोरी से जुड़ा कचरा दिखाई दे रहा है, तो यह जांच का विषय है कि वहां शराब कौन पहुंचा रहा है? क्या आसपास अवैध बिक्री हो रही है? क्या लोग दुकानों और ढाबों से शराब खरीदकर सीधे नर्मदा तटों तक पहुंच रहे हैं? और यदि ऐसा है तो संबंधित विभागों की निगरानी आखिर कहां है?

ढाबे और दुकानें या अघोषित बार?

स्थानीय स्तर पर यह शिकायतें भी सामने आ रही हैं कि शाम होते ही कुछ ढाबों, अंडा दुकानों और पान ठेलों पर शराब की उपलब्धता आसान हो जाती है। कथित तौर पर लोग फोन करके शराब, सिगरेट और चखना तक मंगवाते हैं और फिर नर्मदा तटों पर बैठकर सेवन करते हैं।

यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो यह केवल अवैध शराब बिक्री का मामला नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण की गंभीर विफलता है। सवाल यह भी है कि जिन दुकानों और प्रतिष्ठानों पर इस तरह की गतिविधियां संचालित होने के आरोप हैं, उनकी जांच अब तक क्यों नहीं हुई?

पुलिस की गश्त कहां, आबकारी की कार्रवाई किसके लिए?

महाराजपुर थाना क्षेत्र के त्रिवेणी संगम सहित नर्मदा के प्रमुख तटों पर ऐसी गतिविधियों की शिकायतों के बीच पुलिस की गश्त और आबकारी विभाग की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

क्या पुलिस को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है? क्या आबकारी विभाग को दुकानों और ढाबों पर शराब की कथित अवैध बिक्री की भनक तक नहीं? यदि जानकारी है तो कार्रवाई क्यों नहीं? और यदि जानकारी नहीं है तो यह विभागीय निगरानी की कैसी व्यवस्था है? आखिर ऐसा क्या कारण है कि धार्मिक आस्था के केंद्रों पर खुलेआम नशाखोरी की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देती? कहीं ऐसा तो नहीं कि नियमित निरीक्षण और गश्त केवल कागजी औपचारिकता बनकर रह गई है? इन सवालों का जवाब पुलिस अधीक्षक और आबकारी विभाग को देना चाहिए।

पवित्र नगरी का दर्जा या सिर्फ सरकारी घोषणा?

माँ नर्मदा का तट किसी शराबखोरी के अड्डे में तब्दील होने के लिए नहीं है। यहां महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और श्रद्धालु परिवार पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर शराब सेवन की गतिविधियां न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं, बल्कि सामाजिक मर्यादा, स्वच्छता और सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर चिंता का विषय हैं।

पवित्र नगरी का दर्जा देने के बाद यदि उसी नगरी के धार्मिक तटों पर शराब की बोतलें बिखरी मिलें और दुकानों से लेकर ढाबों तक शराब उपलब्ध होने की शिकायतें सामने आएं, तो प्रशासनिक आदेशों की उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

कलेक्टर और एसपी से सीधे सवाल

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर कार्रवाई दिखानी होगी।

त्रिवेणी संगम और सहस्त्रधारा क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त क्यों नहीं?

शराब की खाली बोतलों के स्रोत और आपूर्तिकर्ताओं की जांच कब होगी?

किराना, अंडा, पान दुकानों और ढाबों पर शराब की कथित बिक्री की जांच कौन करेगा?

आबकारी विभाग ने अब तक कितने प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया?

प्रतिबंधित एवं धार्मिक क्षेत्रों में शराब सेवन रोकने के लिए क्या ठोस व्यवस्था है?  क्या सिटी कोतवाली थाना महाराजपुर और आबकारी अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी?

अब जरूरत केवल नर्मदा तटों की सफाई की नहीं, बल्कि उन हाथों तक पहुंचने की है जो इन पवित्र तटों को नशाखोरी का अड्डा बना रहे हैं।

मंडला की धार्मिक पहचान और माँ नर्मदा की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तत्काल संयुक्त जांच कराएं। आबकारी विभाग विशेष अभियान चलाकर शराब की अवैध बिक्री, परिवहन और आपूर्ति के संभावित नेटवर्क की पड़ताल करे। साथ ही दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

क्योंकि सवाल सिर्फ शराब की बोतलों का नहीं है, सवाल माँ नर्मदा की गरिमा का है। और सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कानून के रखवालों की जिम्मेदारी ही कानून का पालन सुनिश्चित करना है, तो फिर पवित्र नगरी के तटों पर यह बेखौफ खेल किसकी निगरानी में चल रहा है?

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new