पहले ही प्रयास में फेफड़ा एवं श्वसन रोग चिकित्सा में विशेषज्ञता हासिल की, चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में जिले को मिली बड़ी उपलब्धि
दैनिक रेवांचल टाईम्स - मंडला। जिले की प्रतिभाशाली बेटी अंशिता चौरसिया ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर मंडला जिले का नाम रोशन किया है। अंशिता ने फेफड़ा एवं श्वसन रोग चिकित्सा विषय में स्नातकोत्तर उपाधि (एमडी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर विशेषज्ञ चिकित्सक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, जयपुर द्वारा आयोजित परीक्षा का परिणाम 16 नवंबर को घोषित किया गया, जिसमें अंशिता ने प्रथम प्रयास में ही सफलता हासिल की।
अंशिता के पिता आदेश कुमार चौरसिया एवं माता निर्झरनी चौरसिया हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में हर्ष का माहौल है। चिकित्सा शिक्षा के कठिन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षेत्र में यह मुकाम हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन का परिणाम है।
अंशिता की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे मंडला जिले के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि से जिले की अन्य बेटियों और चिकित्सा क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने वाले युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
