महाराजपुर पुलिस की दबिश में 11 जुआरी गिरफ्तार, 31.85 लाख रुपये के वाहन और सामग्री जब्त
दैनिक रेवांचल टाइम्स - मंडला। जिले के रामनगर स्थित ऐतिहासिक मोती महल के समीप जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर महाराजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 15 नवंबर को पुलिस टीम ने दबिश देकर जुआ खेलते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान मौके से नकदी, ताश के पत्तों के साथ लाखों रुपये कीमत के वाहन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 47 हजार 200 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, दो कार, पांच मोटरसाइकिल और एक बैटरी चालित एलईडी लाइट जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 31 लाख 85 हजार 700 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई महाराजपुर थाना प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार सभी 11 आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
जंगल में जुए का फड़ संचालित होने और वहां बड़ी संख्या में वाहनों की मौजूदगी ने पुलिस की कार्रवाई को चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य जुआ गतिविधियों पर भी पुलिस कितनी प्रभावी रोक लगा पाती है।
