चार आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने गिनाईं अपनी उपलब्धियां, लेकिन महाराजपुर में कारी कौन के पास हुई बड़ी चोरी का 15 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग
दैनिक रेवांचल टाईम्स - मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में चोरों और अपराधियों के हौसले बुलंद है। चोरी के अलावा सट्टा जुआ शराब का अवैध कारोबार चरम सीमा पर पहुंच गया है। इसके बावजूद शासन प्रशासन के द्वारा सिर्फ बेहोशी का परिचय दिया जा रहा है। इसी वजह से नागरिकों में आक्रोश पनप रहा है। नागरिकों का आरोप है कि यह सब कुछ शासन प्रशासन के संरक्षण में चल रहा है। जिसे रोकना जरूरी है। वरना नागरिक आंदोलन की राह पकड़ लेंगे..? महाराजपुर थाना पुलिस ने ग्राम सूरजपुरा में हुई एक चोरी का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चांदी के जेवर, दो हजार रुपये नगद और दो मोटरसाइकिलें जब्त करने के बाद पुलिस इसे बड़ी सफलता के रूप में प्रस्तुत कर रही है। आरोपियों ने पूछताछ में मंडला सहित आसपास के जिलों में करीब दो दर्जन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। लेकिन पुलिस की इस सफलता के बीच एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर महाराजपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा कब होगा?
गौरतलब है कि ग्राम सूरजपुरा निवासी कमलेश धुर्वे ने 30 अक्टूबर को घर का ताला तोड़कर चांदी की पायल, बिछिया और नकदी सहित करीब 32 हजार रुपये की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने निवास, मोहगांव, नैनपुर, जबलपुर के बरेला और डिंडोरी के मेहंदवानी क्षेत्र में भी चोरी करना कबूल किया है। अकेले मंडला जिले में 21 लाख 29 हजार 700 रुपये के मशरुका की चोरी स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
इस कार्रवाई में करन धुर्वे, विजय मरावी, मनोज धुर्वे, अरबेद उर्फ भूपेन्द्र धुर्वे सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जब्ती और गिरफ्तारी को अपनी उपलब्धि के रूप में सामने रखा है। निश्चित तौर पर चोरी की घटनाओं का खुलासा होना पुलिस की जिम्मेदारी और सराहनीय कार्रवाई है, लेकिन कानून-व्यवस्था की असली परीक्षा केवल छोटी वारदातों में आरोपियों की गिरफ्तारी से नहीं, बल्कि बड़ी और गंभीर घटनाओं को सुलझाने से भी होती है।
35 लाख की चोरी पर पुलिस की जांच आखिर कहां तक पहुंची?
महाराजपुर थाना क्षेत्र में मैरिज गार्डन के समीप तौफीक खान के घर हुई दिनदहाड़े की बड़ी चोरी आज भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। बताया जाता है कि परिवार की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर अज्ञात चोर घर से करीब 20 तोला सोना, 10 से 15 तोला चांदी और नकदी सहित 35 लाख रुपये से अधिक का माल समेट ले गए थे। इसी थाना क्षेत्र में कारी कौन के पास लगभग 15 दिन पूर्व हुई बड़ी चोरी का भी अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली और अपराधियों पर अंकुश लगाने की क्षमता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब छोटी चोरी के आरोपियों तक पुलिस पहुंच सकती है और कई जिलों में हुई वारदातों का खुलासा कर सकती है, तो फिर लाखों रुपये की दिनदहाड़े चोरी के आरोपियों तक पहुंचने में इतनी देरी क्यों हो रही है? क्या सीसीटीवी फुटेज की जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला? क्या घटनास्थल से जुटाए गए फिंगरप्रिंट की जांच आगे बढ़ी? और सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह कि पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा?
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति से आगे भी है जनता के सवाल
पुलिस द्वारा छोटी चोरी का खुलासा करना निश्चित रूप से सकारात्मक कदम है, लेकिन इसी सफलता के बीच अनसुलझी बड़ी चोरियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आम नागरिक अपनी मेहनत की कमाई और जीवनभर की जमा पूंजी घर में सुरक्षित रखने की उम्मीद करता है। जब दिनदहाड़े घरों से लाखों रुपये का माल चोरी हो जाए और लंबे समय तक अपराधियों का पता न चले, तो पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
.jpg)