दैनिक रेवांचल टाईम्स - जबलपुर। श्री नर्मदा संकीर्तन परिक्रमा समिति, जबलपुर के तत्वावधान में कार्तिक मास की पावन बैकुंठ चतुर्दशी पर महर्षि गौतम आश्रम, गोपालपुर, भेड़ाघाट से समिति के संरक्षक परम पूज्य जगद्गुरु स्वामी राघव देवाचार्य जी महाराज के नेतृत्व में प्रारंभ होने वाली भव्य नर्मदा परिक्रमा की तैयारियों के अंतर्गत आज कल्याण मंदिर, कछियाना में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ आमंत्रण पत्रक का पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। इस मांगलिक अनुष्ठान में संस्थापक पं. मनमोहन दुबे, समिति के अध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी के करकमलों से पत्रक पूजन संपन्न हुआ।
समिति के सचिव देवेंद्र नेमा ने बताया कि बैकुंठ चतुर्दशी पर आयोजित होने वाली यह दिव्य यात्रा जनमानस की अटूट आस्था, आध्यात्मिक चेतना एवं सनातन संस्कृति के गौरव का अनुपम प्रतीक बनेगी। इसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ संस्कारधानी जबलपुर के गणमान्य नागरिक भी सहभागी होंगे। इस भव्य यात्रा में 108 ध्वजों के साथ संकीर्तन करते हुए मां नर्मदा के भक्त सम्मिलित होंगे, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं नर्मदामय बनेगा।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष मोहित तिवारी, सचिव देवेंद्र नेमा, संयोजक संजय गौतम, सह संयोजक सत्य प्रकाश नामदेव, शंकर नामदेव नरेश कर विशाल पांडे ग्रामीण संगठन प्रमुख नितिन चौबे अतुल पटेल, मोहित कुमार लोधी आदेश दीक्षित पवन जायसवाल सिद्धार्थ ठाकुर अभिलाषा साहू अलका साहू विमला साहू पुष्पा पटेल मीरा पटेल उर्मिला सेन पारु दुबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
