Breaking

revanchal times new

मंत्री के जिले में ही ‘हर घर जल’ योजना बदहाल, बिनेका में नल सूखे, हैंडपंप बंद!


जल जीवन मिशन के नल कनेक्शन बने शोपीस, आंगनबाड़ी के बच्चे तक पानी के लिए परेशान; पीएचई अधिकारी जिम्मेदारी से झाड़ रहे पल्ला, ग्राम पंचायत और जल निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल।

दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला, आदिवासी बहुल्य जिले में सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन जमीनी हकीकत सरकारी दावों से बिल्कुल उलट नजर आ रही है। जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत बिनेका में नल-जल व्यवस्था का बुरा हाल है। जल जीवन मिशन के तहत घरों में लगाए गए नल कनेक्शनों से पानी नहीं आ रहा, वहीं उप स्वास्थ्य केंद्र बिनेका परिसर में पीएचई विभाग द्वारा स्थापित हैंडपंप भी लंबे समय से बंद पड़ा है। हालात यह हैं कि ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान हैं और जिम्मेदार अधिकारी जवाबदेही लेने के बजाय एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आ रहे हैं।

सबसे चिंताजनक स्थिति गांव की आंगनबाड़ियों की है, जहां नल-जल व्यवस्था ठप होने से छोटे बच्चों को पीने के पानी तक के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। सवाल यह है कि जिस योजना के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर हर घर तक पानी पहुंचाने के दावे किए जा रहे हैं, उसका लाभ आखिर ग्रामीणों को कब मिलेगा?

नल कनेक्शन मौजूद, लेकिन पानी नदारद!

बिनेका में जल जीवन मिशन के तहत घरों में नल कनेक्शन तो लगा दिए गए, लेकिन नलों से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही। यानी कागजों और तस्वीरों में घर-घर नल पहुंच गए, लेकिन ग्रामीणों की प्यास बुझाने के लिए पानी उपलब्ध नहीं है। योजना का वास्तविक संचालन कौन देख रहा है, पानी की आपूर्ति बंद क्यों है और इसकी जिम्मेदारी किस अधिकारी या एजेंसी की है, इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पीएचई अधिकारी बोले- यह काम हमारे अधीन नहीं!

जब संबंधित पीएचई विभाग के अधिकारियों से नल-जल व्यवस्था को लेकर सवाल किया गया तो उनके द्वारा कथित तौर पर यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया कि यह कार्य उनके अधीन नहीं आता। दूसरी ओर उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पीएचई विभाग द्वारा लगाया गया हैंडपंप लंबे समय से बंद पड़ा है। आखिर इस हैंडपंप को दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी किसकी है? क्या विभाग के अधिकारी अपने ही परिसर में बंद पड़े हैंडपंप की सुध लेने को तैयार नहीं हैं?

ग्राम पंचायत और जल निगम के बीच जिम्मेदारी का वास्तविक बंटवारा क्या है, यह स्पष्ट करने के बजाय ग्रामीणों को जवाब के लिए भटकना पड़ रहा है।

आंगनबाड़ी के बच्चों के हिस्से में भी पानी का संकट!

किसी भी व्यवस्था की संवेदनशीलता का आकलन बच्चों और जरूरतमंदों को मिलने वाली सुविधाओं से होता है। बिनेका की आंगनबाड़ियों में नल-जल व्यवस्था बंद होने से नौनिहालों को पीने के पानी के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभागों ने कभी यह देखने की जहमत उठाई कि जिन बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी शासन उठा रहा है, उनके लिए बुनियादी पेयजल व्यवस्था तक उपलब्ध है या नहीं?

जिले की विधायक पीएचई मंत्री, फिर भी गांव प्यासा!

इस पूरे मामले का सबसे बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक पहलू यह है कि जिले की ही विधायक प्रदेश सरकार में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की मंत्री हैं। इसके बावजूद जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत बिनेका में पेयजल संकट बना हुआ है।

जब मंत्री के अपने जिले और मुख्यालय से लगी ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन की यह स्थिति है, तो प्रदेश के दूरस्थ वनांचलों और आदिवासी बहुल गांवों में पेयजल व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर क्या होगी? यह सरकार और विभागीय व्यवस्था के लिए आत्ममंथन का विषय है।

सरकार हर घर जल पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन बिनेका की स्थिति उन दावों की जमीनी हकीकत सामने रख रही है। आखिर योजनाओं का उद्देश्य केवल नल कनेक्शन लगाकर उपलब्धि दर्ज करना है या वास्तव में ग्रामीणों के घरों तक पानी पहुंचाना भी किसी की जिम्मेदारी है?

जवाबदेही तय होगी या जिम्मेदारी टालने का खेल चलेगा?

बिनेका के ग्रामीणों की समस्या अब केवल पानी की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्राम पंचायत, जल निगम और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती है। जिला प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि योजना का संचालन किस एजेंसी के जिम्मे है, पानी की आपूर्ति क्यों बाधित है और लंबे समय से बंद हैंडपंप को दुरुस्त क्यों नहीं कराया गया।

कलेक्टर महोदय से अपेक्षा है कि बिनेका की पेयजल व्यवस्था की तत्काल जांच कराई जाए। जल जीवन मिशन के तहत हुए कार्यों की गुणवत्ता, जलापूर्ति की स्थिति और संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय हो। साथ ही आंगनबाड़ियों एवं उप स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल पेयजल व्यवस्था बहाल कराई जाए।

क्योंकि जल जीवन मिशन की सफलता नलों की संख्या से नहीं, बल्कि उन नलों से निकलने वाले पानी से तय होगी। बिनेका में नल तो हैं, लेकिन पानी नहीं। ऐसे में सवाल लाजिमी है कि आखिर हर घर जल का सरकारी दावा ग्रामीणों की प्यास कब बुझाएगा?

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new