मुख्य सड़क से सब्जी मंडी और गली-मोहल्लों तक सांडों का कब्जा, कुत्तों के झुंड से भी दहशत
हादसा होने के बाद जागेंगे जिम्मेदार या पहले ही संभालेंगे व्यवस्था
रेवांचल टाइम्स बिछिया मंडला नगर में आवारा मवेशियों और कुत्तों की बढ़ती संख्या अब आम नागरिकों के लिए परेशानी ही नहीं, बल्कि उनकी जान पर खतरा बनती जा रही है। मुख्य सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों, बाजार और सार्वजनिक स्थलों तक आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। सड़कों पर बेखौफ घूमते सांड और झुंड में बैठे मवेशी कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इसके बावजूद नगर की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों और कर्मचारियों पर है, वे मानो किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। सवाल यह है कि क्या नगर परिषद किसी अनहोनी के बाद ही अपनी जिम्मेदारी समझेगी।
नगर में सबसे अधिक परेशानी आवारा सांडों और कुत्तों से है। इसके बाद सड़कों पर घूमती गायों की संख्या भी कम नहीं है। हालात यह हैं कि लोगों को पैदल निकलने से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाने तक में सावधानी बरतनी पड़ती है। सांडों के झुंड के बीच से निकलना किसी जोखिम से कम नहीं है। यदि कोई सांड अचानक हमला कर दे तो लोगों के पास बचने का मौका तक नहीं रहता। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के लिए यह स्थिति अधिक खतरनाक बनी हुई है।
दूध निकालकर सड़कों पर छोड़ देते हैं गाय, कार्रवाई करेगा कौन
नगर में कई पशुपालकों ने गाय पाल रखी हैं, लेकिन आरोप है कि कुछ लोग गायों का दूध निकालने के बाद उन्हें डंडा मारकर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर छोड़ देते हैं। दिनभर ये पशु भोजन की तलाश में इधर-उधर भटकते रहते हैं और शाम होते ही सड़कों पर जमावड़ा लगा लेते हैं। ऐसे पशुपालकों पर कार्रवाई की जिम्मेदारी किसकी है क्या नगर परिषद के पास ऐसे पशुपालकों की पहचान करने और उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की कोई व्यवस्था नहीं है यदि पशुपालन का लाभ निजी व्यक्ति उठा रहा है तो उससे उत्पन्न परेशानी का बोझ आम नागरिक क्यों उठाएं।
सब्जी मंडी में सांडों का कब्जा, खरीदारी करने से कतरा रहे लोग
नगर की सब्जी मंडी में आवारा सांडों का आतंक भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। मंडी में खरीदारी करने पहुंचे लोगों के बीच सांडों का घूमना और आपस में भिड़ना कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। सब्जी विक्रेताओं को भी अपना सामान बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार सांडों के अचानक दौड़ने से लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन जाती है। बाजार जैसी व्यस्त जगह पर इस तरह की लापरवाही नागरिक सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है।
गली-मोहल्लों में कुत्तों के झुंड, रात में निकलना मुश्किल
आवारा कुत्तों की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। नगर के गली-मोहल्लों में कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के पीछे दौड़ने की घटनाओं से लोगों में भय बना रहता है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। बच्चों को अकेले बाहर भेजने में अभिभावक डरते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि नगर परिषद ने आवारा कुत्तों के नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए हैं।
हाईवे पर मवेशियों का जमावड़ा, वाहन चालकों की जान जोखिम में
बिछिया क्षेत्र से गुजरने वाले हाईवे पर भी मवेशियों का जमावड़ा दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण दे रहा है। मुख्य सड़क पर मवेशियों के झुंड बैठने से वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। विशेषकर रात के अंधेरे में सड़क पर बैठे मवेशी दूर से दिखाई नहीं देते। उन्हें बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होने और दूसरे वाहनों से टकराने का खतरा बना रहता है। ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को बचाने के लिए मवेशियों को सड़कों और रहवासी क्षेत्रों की ओर खदेड़ने की बात भी सामने आती रही है। इसका खामियाजा हाईवे से गुजरने वाले निर्दोष वाहन चालकों को भुगतना पड़ सकता है।
हादसे के बाद मुआवजा नहीं, पहले जिम्मेदारों पर जवाबदेही तय हो
सबसे बड़ा सवाल नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर है। आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित गोशाला या निर्धारित व्यवस्था तक पहुंचाने की जिम्मेदारी स्थानीय निकाय की है। इसके बावजूद यदि नगर की सड़कों पर पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है तो यह व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। नागरिकों का कहना है कि पशुओं को पकड़ने के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। पशुपालकों को भी जिम्मेदारी का एहसास कराया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो।
जान की कीमत किसी मुआवजे से नहीं चुकाई जा सकती। लेकिन यदि किसी नागरिक की जान जाती है या वह गंभीर रूप से घायल होता है तो जिम्मेदारी तय होना भी जरूरी है। केवल मुआवजे की घोषणा करके प्रशासन अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकता। नागरिकों की मांग है कि लापरवाही साबित होने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कानून के अनुसार तय की जाए।
अब नगर परिषद को स्पष्ट करना चाहिए कि आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए क्या कार्ययोजना बनाई गई है, कितने पशुओं को गोशाला पहुंचाया गया और पशुपालकों के विरुद्ध कितनी कार्रवाई हुई ।बिछिया के नागरिकों को आश्वासन नहीं, धरातल पर कार्रवाई चाहिए। क्योंकि सड़कों पर घूमते सांड और कुत्ते किसी हादसे का इंतजार नहीं करते, हादसा कभी भी हो सकता है। प्रशासन की जिम्मेदारी हादसे के बाद जांच करना नहीं, बल्कि हादसा होने से पहले उसे रोकना है।
