बजाग के सरवाही में जन विश्वास शिविर, कलेक्टर ने कहा—एक ही जगह मिलें योजनाओं का लाभ और समस्याओं का समाधान
दैनिक रेवांचल टाइम्स | डिंडौरी, बजाग

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को आकांक्षी विकासखंड बजाग की ग्राम पंचायत सरवाही में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। अभियान के तहत जिले में हर शुक्रवार अलग-अलग विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें लाभ दिलाना और ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।
शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों, हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभ और प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने किसानों, महिलाओं और अन्य आवेदकों से सीधे बात की। जिन समस्याओं का समाधान संभव था, उनका मौके पर निराकरण किया गया। बाकी आवेदनों पर तय समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ें, समस्याओं का प्राथमिकता से करें निराकरण
कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में अधिकारी पात्रता, जरूरी दस्तावेजों और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में दें, ताकि कोई पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर उनका समाधान करने को कहा। एक से अधिक विभागों से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से शिविर स्थल पर ही निराकरण की कार्रवाई करें।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से पूछा कि उन्हें किन योजनाओं का लाभ मिल रहा है और किन योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने समस्याएं और सुझाव सुनकर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए और अपनी मौजूदगी में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ वितरित कराए।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के मौके पर निराकरण पर जोर दिया।
लाड़ली लक्ष्मी योजना के स्वीकृति पत्र बांटे, किसानों को मिले बीज
शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत स्वीकृति पत्र दिए गए। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को उनकी आर्थिक गतिविधियां आगे बढ़ाने के लिए सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) की राशि दी गई। किसानों को बीज और दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। बाल विवाह की रोकथाम के लिए उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को शपथ दिलाई गई।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, एसडीएम बजाग श्री पुष्पेंद्र अहके, जनपद पंचायत बजाग की अध्यक्ष श्रीमती फूलकली मरावी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरा रूद्रेश परस्ते सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।