दैनिक रेवांचल टाईम्स - जबलपुर। श्री नर्मदा संकीर्तन परिक्रमा (पंजी.) समिति, जबलपुर के तत्वावधान में बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर महर्षि गौतम आश्रम, गोपालपुर, भेड़ाघाट में भव्य नर्मदा परिक्रमा का आयोजन श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। ब्रह्ममुहूर्त से ही आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया था। प्रातः 5:30 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ हुआ। इसके पश्चात समिति के संरक्षक परम पूज्य जगद्गुरु स्वामी राघवदेवाचार्य जी महाराज ने मां नर्मदा मैया एवं श्री हनुमान जी महाराज का विधिवत पूजन-अर्चन कर 108 दीपों से भव्य महाआरती की। इसी अवसर पर चातुर्मास समापन के उपलक्ष्य में मां नर्मदा का दुग्धाभिषेक भी संपन्न हुआ।
तत्पश्चात प्रातः 8:30 बजे शंखनाद के साथ भव्य परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। समिति के संस्थापक पंडित मनमोहन दुबे, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, के नेतृत्व में श्रद्धालु पीत धर्मध्वज लेकर सीताराम संकीर्तन, मां नर्मदा के भक्तिमय भजनों एवं ‘नर्मदे हर’ के जयघोष के साथ परिक्रमा के लिए रवाना हुए।
समिति के सचिव देवेंद्र नेमा ने बताया कि दिनभर दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का आश्रम पहुंचना जारी रहा। भक्तजन मां नर्मदा मैया एवं श्री हनुमान जी महाराज का पूजन-अर्चन कर परिक्रमा में सहभागिता करते रहे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर तेंदूखेड़ा की सीताराम मंडली ने संकीर्तन की अद्भुत एवं मनमोहक प्रस्तुति दी। साथ ही संस्कारधानी जबलपुर की अनेक संकीर्तन मंडलियों ने भी अपनी सहभागिता से आयोजन को भक्तिमय बना दिया। परिक्रमा पूर्ण कर लौटे श्रद्धालुओं ने सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इसके उपरांत आश्रम परिसर में आयोजित भंडारे में सभी उपस्थित भक्तजनों ने प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष मोहित तिवारी, सचिव देवेंद्र नेमा, संजय गौतम, प्रभाकर चतुर्वेदी, अवधेश खरे, विशाल पंड्या, मनोज विश्वकर्मा, एडवोकेट आदेश दीक्षित, नितिन चौबे, अतुल कुमार पटेल, मोहित लोधी, सत्य प्रकाश नामदेव, राजेंद्र ठाकुर, मलखन यादव, कृष्ण उपाध्याय मदन तिवारी, संतोष गौतम, सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
