नैनपुर बस स्टैंड बना चोरों का आसान ठिकाना, सीसीटीवी कैमरों का अभाव बना अपराधियों के लिए सुरक्षा कवच, पुलिस ने शुरू की जांच
दैनिक रेवांचल टाइम्स – नैनपुर। नगर के मुख्य बस स्टैंड पर चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल नैनपुर थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं। एक ही दिन में मोबाइल और स्कूटी चोरी की घटनाओं ने नगर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है।
सूत्रो से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल अस्पताल नैनपुर की टीम पल्स पोलियो अभियान में जुटी हुई थी। इसी दौरान अभियान में कार्यरत बच्ची गोल्डी झरिया का मोबाइल किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। वहीं कुछ ही मिनट बाद बस स्टैंड पर बिरयानी खा रहे सूरजपुरा निवासी साबिद खान पिता दिलवर खान की नीले रंग की स्कूटी भी गायब हो गई। दोनों घटनाओं के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ितों के आवेदन के आधार पर नैनपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इटका वार्ड नंबर-7 में मिली बिना नंबर की स्कूटी
इधर, देर रात पुलिस गश्त के दौरान इटका वार्ड नंबर-7 में एक बिना नंबर की स्कूटी मिली, जो कथित तौर पर दो दिनों से वहां खड़ी थी। अब सवाल यह है कि बरामद स्कूटी किसकी है और क्या इसका संबंध बस स्टैंड से हुई चोरी की घटना से है? पुलिस इस दिशा में भी जांच कर सकती है।
सबसे बड़ा सवाल: थाना पास, फिर भी चोरों को डर क्यों नहीं?
नगर के मुख्य बस स्टैंड जैसे व्यस्त और संवेदनशील स्थान पर सीसीटीवी कैमरों का अभाव सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर बस स्टैंड पर निगरानी के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं हैं? लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद जिम्मेदारों की नींद क्यों नहीं खुल रही? क्या पुलिस की गश्त और निगरानी केवल कागजों तक सीमित है?
वही थाने से चंद कदमों की दूरी पर चोरों की सक्रियता पुलिस के लिए खुली चुनौती है। अब देखना यह है कि पुलिस चोरों तक पहुंचती है या फिर ये वारदातें भी अन्य मामलों की तरह जांच की फाइलों में सिमटकर रह जाएंगी।
