बसनिया बांध की लाभ-हानि पर बड़ा सवाल : जितनी जमीन डूबेगी, उससे भी कम खेतों तक पहुंचेगा पानी? 2737 परिवारों के विस्थापन और 5 लाख पेड़ों की कटाई का अनुमान
सौर ऊर्जा और लिफ्ट सिंचाई के विकल्पों की अनदेखी क्यों? 2884 करोड़ की परियोजना की बिजली आय से ज्यादा होगा सालाना ब्याज का बोझ
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला। मंडला जिले के मोहगांव विकासखंड में नर्मदा घाटी पर प्रस्तावित बसनिया (ओढारी) बांध परियोजना एक बार फिर सवालों के घेरे में है। परियोजना के नाम पर 8780 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई और 100 मेगावाट बिजली उत्पादन का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसके बदले 6343 हेक्टेयर भूमि डूब क्षेत्र में आएगी और करीब 2737 परिवार प्रभावित एवं विस्थापित होंगे। सवाल यह है कि क्या इतनी बड़ी सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय कीमत चुकाकर मिलने वाला लाभ वास्तव में उचित है?
बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राज कुमार सिन्हा द्वारा प्रस्तुत लाभ-हानि विश्लेषण में परियोजना की उपयोगिता, आर्थिक व्यवहार्यता और पर्यावरणीय प्रभावों पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
सिंचाई के दावे पर ही खड़ा हुआ बड़ा सवाल
परियोजना में 8780 हेक्टेयर सिंचाई का लक्ष्य निर्धारित है। लेकिन यदि घोषित सिंचाई क्षमता का 70 प्रतिशत ही वास्तविक रूप से हासिल होता है, तो लगभग 6146 हेक्टेयर भूमि को ही पानी मिल पाएगा। दूसरी ओर बांध के कारण 6343 हेक्टेयर भूमि डूब में जाएगी। यानी प्रस्तुत आकलन के अनुसार सिंचाई से मिलने वाले संभावित क्षेत्र की तुलना में 197 हेक्टेयर अधिक भूमि जलमग्न होगी। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर किसके हित में इतनी बड़ी जमीन और हजारों परिवारों का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा है?
2737 परिवारों का विस्थापन, पांच लाख पेड़ों पर संकट
प्रस्तावित डूब क्षेत्र में 2443 हेक्टेयर निजी भूमि, 1793 हेक्टेयर शासकीय भूमि और 2107 हेक्टेयर वन भूमि शामिल बताई गई है। कुल 2737 परिवार प्रभावित होंगे। वहीं लगभग पांच लाख पेड़ों की कटाई का अनुमान जताया गया है। खेती, जंगल, पशुपालन और जैव विविधता से स्थानीय समुदायों को मिलने वाले लाभ का समुचित आर्थिक मूल्यांकन भी बड़ा सवाल है।
बिजली उत्पादन से कमाई या ब्याज चुकाने की चुनौती?
परियोजना की अनुमानित लागत 2884 करोड़ रुपये बताई गई है। 100 मेगावाट क्षमता के बावजूद अनुमानित वार्षिक बिजली उत्पादन करीब 35 करोड़ यूनिट माना गया है। पांच रुपये प्रति यूनिट की दर से 175 करोड़ रुपये की सकल आय होगी। 15 प्रतिशत ट्रांसमिशन हानि घटाने के बाद यह आय लगभग 148.75 करोड़ रुपये रह जाएगी।
दूसरी ओर 2884 करोड़ रुपये की लागत पर आठ प्रतिशत ब्याज की गणना करें तो सालाना ब्याज करीब 230 करोड़ रुपये बैठता है। यानी प्रस्तुत गणना के मुताबिक बिजली बिक्री से होने वाली अनुमानित आय ब्याज के बोझ से भी कम है। ऐसे में परियोजना की आर्थिक व्यवहार्यता और वास्तविक लागत-लाभ का स्वतंत्र आकलन जरूरी है।
सौर ऊर्जा का विकल्प सस्ता, फिर बांध पर इतना जोर क्यों?
विश्लेषण में बताया गया है कि बसनिया बांध परियोजना में प्रति मेगावाट लागत लगभग 28.84 करोड़ रुपये बैठती है, जबकि सौर ऊर्जा संयंत्र की अनुमानित लागत करीब 4.5 करोड़ रुपये प्रति मेगावाट है। ऐसे में बिजली उत्पादन के लिए सौर ऊर्जा जैसे विकल्पों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
पर्यावरणीय अध्ययन और स्वीकृतियों पर भी सवाल
नर्मदा नदी एवं सहायक नालों पर संचयी प्रभाव, वन भूमि के परिवर्तन, जलीय और स्थलीय जैव विविधता पर पड़ने वाले प्रभावों का समुचित अध्ययन किए जाने की आवश्यकता बताई गई है। संघ के विश्लेषण के अनुसार आवश्यक पर्यावरणीय एवं वन स्वीकृतियों की प्रक्रिया भी लंबित है। ऐसे में अधूरे पर्यावरणीय आकलन के बीच इतनी बड़ी परियोजना को आगे बढ़ाने की जल्दबाजी क्यों?
बड़े बांध के बजाय लिफ्ट सिंचाई पर हो विचार
नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष रजनीश वैश्य भी भविष्य में बड़े बांधों के बजाय नर्मदा नदी से लिफ्ट सिंचाई को प्राथमिकता देने की आवश्यकता जता चुके हैं। सूक्ष्म सिंचाई, लिफ्ट सिंचाई और सौर ऊर्जा के विकल्पों से कम विस्थापन और कम पर्यावरणीय नुकसान के साथ किसानों तक पानी पहुंचाने की संभावनाएं तलाशना जरूरी है।
बड़ा सवाल : विकास की कीमत आखिर कौन चुकाएगा?
मंडला और डिंडोरी के किसानों को सिंचाई उपलब्ध कराना निश्चित रूप से जरूरी है, लेकिन विकास के नाम पर हजारों परिवारों का विस्थापन, जंगलों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों का नुकसान कितना उचित है? क्या सरकार ने वैकल्पिक योजनाओं का तुलनात्मक अध्ययन कराया है? क्या परियोजना की वास्तविक आर्थिक उपयोगिता और पर्यावरणीय नुकसान का निष्पक्ष आकलन सार्वजनिक किया गया है?
सवाल बांध बनाने या विकास रोकने का नहीं, बल्कि विकास के नाम पर होने वाले लाभ और नुकसान का ईमानदार हिसाब सामने रखने का है। आखिरकार विकास ऐसा हो, जिसमें किसानों को पानी भी मिले, लेकिन उनकी जमीन, जंगल और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहे।
– राज कुमार सिन्हा
बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ
