वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का समापन, विद्यार्थियों से वनकर्मियों तक उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कान्हा टाइगर रिजर्व में पोस्टर, पेंटिंग, रंगोली और क्विज से दिया संरक्षण का संदेश; शिकार के आरोपियों को पकड़ने वाले वनकर्मी भी हुए पुरस्कृत
दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। वन्यजीव संरक्षण सप्ताह-2026 के समापन अवसर पर बुधवार को कार्यालय क्षेत्र संचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व, मंडला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रकाश कुमार वर्मा, उपसंचालक कोर, सुश्री अमिता के.बी., उपसंचालक बफर एवं माधव सिंह मौर्य, वनमंडलाधिकारी पश्चिम वनमंडल मंडला की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को मिले पुरस्कार
विद्यार्थियों में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से पोस्टर पेंटिंग, रंगोली एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में इको विकास समिति मालूमझोला एवं खटिया के सदस्यों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। वहीं चक्रवर्ती हायर सेकेंडरी स्कूल, बैहर के विद्यार्थियों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले विद्यालयों के प्रबंधन को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
शिकार के आरोपियों को पकड़ने वाले वनकर्मियों का भी सम्मान
समापन समारोह में वन्यजीव शिकार से जुड़े प्रकरणों में आरोपियों को पकड़ने में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले सिझोरा एवं भैसानघाट परिक्षेत्र के वनकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सात दिन तक चला जागरूकता का अभियान
उल्लेखनीय है कि वन्यजीव संरक्षण सप्ताह 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया गया। इस दौरान कान्हा टाइगर रिजर्व के विभिन्न परिक्षेत्रों में विभागीय स्तर के साथ विद्यालयों एवं इको विकास समितियों के सहयोग से पोस्टर, पेंटिंग, रंगोली, क्विज और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन गतिविधियों के माध्यम से वन एवं वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। समापन समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, सहयोगी संस्थाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले वनकर्मियों को सम्मानित कर संरक्षण के प्रति सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।
