सुरेश कपाले बने पांढुर्णा जिला कांग्रेस प्रभारी, सेवादल कार्यालय में स्वागत और सम्मान
महिला कांग्रेस सेवादल ने पुष्पगुच्छ, माला और मिठाई से दी बधाई
पांढुर्णा। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश कपाले को पांढुर्णा जिला कांग्रेस कमेटी का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर मंगलवार को राजीव भवन स्थित कांग्रेस सेवादल कार्यालय में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। महिला कांग्रेस सेवादल की जिला अध्यक्ष डॉ. शबाना यास्मीन खान के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर, फूलों की माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर नई जिम्मेदारी की बधाई दी।

यह नियुक्ति मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर की गई है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि कपाले के दीर्घकालिक अनुभव और संगठनात्मक कार्यशैली से पांढुर्णा जिले में कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का शाल-श्रीफल से सम्मान
समारोह में कांग्रेस सेवादल के प्रभारी राकेश मरकाम को मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल का प्रदेश सचिव तथा गज्जू इंदौरकर को जिला सचिव नियुक्त किए जाने पर भी हर्ष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर तीनों प्रमुख पदाधिकारियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
उपस्थित कांग्रेसजनों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय और जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
सभी के सहयोग से संगठन को आगे बढ़ाने का संकल्प
सुरेश कपाले ने महिला कांग्रेस सेवादल सहित उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोगात्मक प्रयासों से पांढुर्णा जिले में कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं में कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष पंचम अमरोदे सहित अन्य पदाधिकारियों का सहयोग रहा। इस अवसर पर कमलेश सातपुते, कमलेश जैन, सिंधु यादव, निशा गोहिया, वीणा जैन, महजबीन खान, प्रेमलता उईके, ममता ठाकुर, रूपवती उईके, सलिका सरेआम सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस सेवादल और कांग्रेस सेवादल के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।