श्रीराम ने किया धनुष-भंजन, विदेहराज की प्रतिज्ञा हुई पूर्ण
रोशनी से जगमगाया छोटी बाजार, भव्य जनकपुरी में हुआ सीता स्वयंवर का मंचन
दैनिक रेवांचल टाइम्स – छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा की ऐतिहासिक रामलीला में धनुष यज्ञ एवं सीता स्वयंवर की भव्य लीला का मंचन किया गया। आकर्षक रोशनी और नवीन साज-सज्जा से छोटी बाजार का रामलीला परिसर जनकपुरी के रूप में जगमगा उठा। श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़े जाने और लक्ष्मण-परशुराम संवाद ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जनकपुरी में सजी राजसभा, श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष
रामलीला मंडल के उपाध्यक्ष एवं सह कोषाध्यक्ष कपिल गुप्ता तथा दिवस दुबे ने बताया कि इस वर्ष श्रीराम विवाह की लीला विशेष साज-सज्जा के साथ प्रस्तुत की गई। वरिष्ठ कलाकार राजू माहोरे के अनुसार, राजा जनक और मुनि शतानंद के प्रवेश के बाद विश्वामित्र, श्रीराम, लक्ष्मण एवं विभिन्न राजाओं का आगमन हुआ।
राजसभा में रावण-बाणासुर संवाद के बाद राजा जनक की प्रतिज्ञा सुनाई गई कि जो शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाएगा, उसी से माता सीता का विवाह होगा। सभी राजाओं के असफल रहने पर राजा जनक के वचनों से लक्ष्मण क्रोधित हो उठे। श्रीराम ने उन्हें शांत कराया और गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से शिव धनुष का भंजन कर विदेहराज की प्रतिज्ञा पूर्ण की।
लक्ष्मण-परशुराम संवाद का प्रभावशाली मंचन
मंच निर्देशक संतोष जैन सरल ने बताया कि धनुष भंजन के बाद लक्ष्मण-परशुराम संवाद की लीला प्रस्तुत की गई। पटकथा निर्देशक श्रीकांत द्विवेदी के अनुसार, अगले मंचन में श्रीराम वनगमन की लीला दिखाई जाएगी।
अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति
आरती कार्यक्रम में डीआईजी राकेश सिंह, कलेक्टर हरेंद्र नारायण, सीईओ अग्रिम कुमार, ईश्वरी चौरसिया, चंद्रभान सेंगर एवं मिथलेश भारद्वाज अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
